उदयपुर, 16 सितम्बर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय कर्मचारी संगठन (संविदा/एस.एफ.एस.) ने आज तीसरे दिन भी मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय मै कार्य बहिष्कार किया।
यह जानकारी देते हुए संगठन के अध्यक्ष श्री नारायण लाल सालवी ने बताया कि कार्य बहिष्कार के तीसरे दिन भी विश्वविद्यालय के सभी संविदाकर्मियों एवं एस.एफ.एस. कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। जिसके कारण विद्यार्थियों को अपने कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा और इसके चलते विश्वविद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाएं ठप रहीं।
उन्होंने कहा कि संविदा/एस.एफ.एस. कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से समस्या के स्थाई समाधान के लिए कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन के अड़ियल रवैये से कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अड़ियल रवैये के कारण विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली एवं छवि प्रभावित हो रही है।
एन.एस.यू.आई. छात्र यूनियन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक एवं न्यायोचित निर्णय लेने के लिए कुलसचिव, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय को ज्ञापन सौंपा तथा साथ ही कहा कि अगर संविदा/एस.एफ.एस. कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार को समाप्त करवाने की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो छात्र यूनियन द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय कर्मचारी संगठन (संविदा/एस.एफ.एस.) ने मांग की है कि दिनांक 01 अक्टूबर, 2022 को विश्वविद्यालय प्रबन्धक मण्डल (बॉम) की बैठक में राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट रूल्स 2022 को लागू करने के लिए एडॉप्ट भी कर लिया गया था। उसी के तहत संविदा/एस.एफ.एस. कर्मचारियों को समायोजित किया जाये।
