मेवाड़ परिवार ने किए श्री जगन्नाथ राय के छप्पन भोग मनोरथ दर्शन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। मेवाड़ की समृद्ध परम्परा अनुसार मेवाड़ के 77वें श्री एकलिंग दीवान डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री जगदीश मंदिर में ठाकुरजी श्री जगन्नाथ राय महाराज के छप्पन भोग एवं विशेष सेवा-पूजा धराई। इस अवसर पर आयोजित भव्य छप्पन भोग मनोरथ दर्शन के लिए डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के नेतृत्व में निवृत्ति कुमारी मेवाड़ अपने सुपुत्र हरितराज सिंह मेवाड़, सुपुत्रियां मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़ एवं प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ तथा अपने माता-पिता ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनकवर्धन सिंह देव पटना बालंगीर एवं बालंगीर लोकसभा सांसद संगीता कुमारी सिंह देव पटना बालंगीर के साथ मंदिर पधारे। मंदिर पहुंचने पर पुजारी परिवार एवं उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी के जयकारों  के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। सभी ने भी श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया और सभी को शुभकामनाएं और बधाइयां दी। दर्शन उपरांत परिवार ने ठाकुरजी के श्रीचरणों में विशेष सेवा-पूजा अर्पित कर भेंट समर्पित की तथा सभी ने प्रार्थना की। इस अवसर पर श्री जगदीश मंदिर परिसर एवं जगदीश चौक श्रद्धालुओं की अपार आस्था और उत्साह से सराबोर दिखाई दिया। छप्पन भोग मनोरथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से ओत-प्रोत हो उठा। पुरुषोत्तम मास के समापन पर आयोजित यह धार्मिक आयोजन मेवाड़ की समृद्ध सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और भगवान जगन्नाथ के प्रति जनआस्था का अनुपम उदाहरण है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!