भक्ति के महासागर और अटूट लंगर के साथ ‘सन्त निवास’ में गुरुनानक जयंती महोत्सव का ऐतिहासिक समापन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर। शक्ति नगर स्थित ‘सन्त निवास’ में तीन दिनों से प्रवाहित हो रही भक्ति, ज्ञान और सेवा की अविरल धारा का मंगलवार, 24 नवंबर को अत्यंत भव्य और अलौकिक समापन हुआ। श्री गुरुनानक देव महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव के अंतिम दिन आस्था का ऐसा ज्वार उमड़ा कि समूचा शक्ति नगर क्षेत्र ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ और ‘वाहेगुरु’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने ‘सन्त निवास’ के प्रांगण को मानो साक्षात बैकुंठ धाम में परिवर्तित कर दिया।
महोत्सव के अंतिम दिन का आगाज ब्रह्म मुहूर्त की पावन बेला में प्रातः 7:00 बजे श्री आसादीवार पाठ की सुमधुर ध्वनि के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रातः 8:00 बजे कथा कार्तिक भोग का आयोजन किया गया, जहाँ  गुरु जी शैलेश ब्रिजवानी ने गुरु महाराज के जीवन के ऐसे मार्मिक और प्रेरक प्रसंग सुनाए कि उपस्थित भक्तों सुध-बुध खोकर भक्ति के रंग में रंग गए। प्रातः 11:00 बजे तीन दिनों से चार पाठियों द्वारा अनवरत किए जा रहे अखंड पाठ साहिब का विधिवत भोग डाला गया। इसके तुरंत बाद वैदिक और गुरुवाणी के दिव्य मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति, भव्य महाआरती और विश्व शांति व मानव कल्याण के लिए सामूहिक अरदास की गई। महाआरती की थाली से उठती सुगंध और सैकड़ों भक्तों के एक स्वर में गाए जा रहे आरती के बोलों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
समापन बेला पर गुरु शैलेश ब्रिजवानी और गुरु मैया निकिता ब्रिजवानी अपनी ओजस्वी और अमृतवाणी से संगत को निहाल कर दिया। प्रवचनों की रसधार बहाते हुए उन्होंने कहा कि श्री गुरुनानक देव महाराज केवल एक युगपुरुष नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक हैं, जिन्होंने भटकते हुए समाज को प्रेम, समानता और सत्य की राह दिखाई। उन्होंने जीवन के वास्तविक सार को समझाते हुए कहा कि मनुष्य बाहरी आडंबरों और सांसारिक मोह में उलझकर अपने भीतर बैठे परमात्मा को भूल जाता है, जबकि सच्चा सुख अहंकार का त्याग करने, मीठे बोल बोलने और निस्वार्थ भाव से दीन-दुखियों के आंसू पोंछने में ही छिपा है। गुरुजनों के इन मर्मस्पर्शी और हृदय को झकझोर देने वाले वचनों को सुनकर उपस्थित संगत भाव-विभोर हो उठी और कई श्रद्धालुओं की आंखें श्रद्धा से छलक उठीं।
कार्यक्रम के अंतिम चरण श्री बिलोचिस्तान भवन में विशाल लंगर साहिब का आयोजन हुआ, जिसमें सेवा और समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। यहाँ न कोई छोटा था न कोई बड़ा, सभी श्रद्धालुओं ने एक ही पंगत में बैठकर बड़े ही प्रेम और आनंद के साथ लंगर प्रसादी ग्रहण की। सेवादारों के चेहरों पर थकान के बजाय सेवा का असीम संतोष झलक रहा था। इसी अलौकिक आनंद और गुरु कृपा की अनुभूति के साथ तीन दिवसीय इस भव्य आध्यात्मिक महोत्सव को विराम दिया गया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!