उदयपुर, 12 मई। ईएसआईसी अस्पताल, उदयपुर में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट एवं अस्पताल के अन्य अधिकारियों ने उपस्थित सभी नर्सिंग अधिकारियों/कर्मचारियों तथा अस्पताल परिवार को नर्सेस दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा नर्सिंग सेवाओं के अमूल्य योगदान की सराहना की।
कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. पीडी शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही, अस्पताल में भर्ती एवं ओपीडी में आए मरीजों को नर्सिंग स्टाफ द्वारा स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई तथा स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की रीढ़ हैं और मरीजों की देखभाल, सेवा एवं समर्पण में उनकी भूमिका अतुलनीय है। कार्यक्रम का उद्देश्य नर्सिंग कर्मियों के योगदान का सम्मान करना तथा स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
ईएसआईसी अस्पताल, उदयपुर में अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस समारोह का आयोजन
