नगरीय निकाय चुनाव – 2026
अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों ने संभाली चुनावी ड्यूटी
तीन नगरपालिकाओं के 70 वार्डों के लिए होगा मतदान
39 हजार 957 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
उदयपुर, 8 सितम्बर। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत प्रथम चरण का मतदान बुधवार को होगा। उदयपुर जिले में प्रथम चरण में नगरपालिका वल्लभनगर, भीण्डर और फतहनगर-सनवाड़ के कुल 70 वार्डों के लिए मतदान होगा। इसमें कुल 39 हजार 957 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण मंगलवार को नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच सभागार में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण के बाद मतदान दल अपने-अपने आवंटित नगरपालिका मुख्यालयों के लिए रवाना हुए। प्रथम चरण के मतदान को लेकर प्रशासन एवं निर्वाचन तंत्र द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करें दायित्वों का निर्वहन – पर्यवेक्षक
प्रशिक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक हनुमानमल ढाका एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने मतदान कार्मिकों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पर्यवेक्षक श्री ढाका ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया में प्रत्येक कार्मिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की शंका या समस्या की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने का आह्वान किया। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान दल अपने दायित्वों को पूरी गंभीरता और सजगता के साथ निभाएं तथा मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदान कार्मिकों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने का आह्वान किया।
चार-चार कार्मिकों का दल, आरक्षित दल भी तैनात
उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह राठौड़ एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़ के निर्देशन में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा ने पीठासीन अधिकारी सहित मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय को प्रशिक्षण दिया। प्रत्येक मतदान दल में चार कार्मिक शामिल हैं। प्रथम चरण के लिए आरक्षित दलों सहित कुल 76 मतदान दलों ने निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रस्थान किया। मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण संबंधित नगरपालिका मुख्यालय पर चिह्नित वितरण एवं संग्रहण केंद्रों से की गई। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए 200 सुरक्षा कर्मी नियुक्त किए गए हैं।
फैक्ट फाइल
निर्वाचन क्षेत्र नगरपालिका वल्लभनगर
कुल वार्ड – 20
कुल प्रत्याशी – 67
कुल मतदाता – 8314
पुरूष मतदाता – 4222
महिला मतदाता – 4092
निर्वाचन क्षेत्र नगरपालिका भीण्डर
कुल वार्ड – 25
कुल प्रत्याशी – 58
कुल मतदाता – 13919
पुरूष मतदाता – 7092
महिला मतदाता – 6822
ट्रांसजेण्डर – 02
निर्वाचन क्षेत्र नगरपालिका फतहनगर सनवाड़
कुल वार्ड – 25
कुल प्रत्याशी – 65
कुल मतदाता – 17724
पुरूष मतदाता – 8891
महिला मतदाता – 8833
