– श्री महावीर युवा मंच संस्थान महिला प्रकोष्ठ ने मनाया सावन उत्सव
– एस्ट्रोलोजर और लाइफ कोच मुणोत ने ग्रहों के बारे में दी जानकारी
उदयपुर, 22 जुलाई। सामाजिक संस्था श्री महावीर युवा मंच संस्थान महिला प्रकोष्ठ की ओर से विश्वविद्यालय मार्ग के निजी रिसोर्ट में सावन उत्सव कार्यक्रम का रंगारंग आयोजन संस्थान के मुख्य संरक्षक राजकुमार फत्तावत के मुख्य आतिथ्य एवं संस्थान अध्यक्ष अशोक कोठारी की अध्यक्षता में आयोजित किया। विशिष्ठ अतिथि के रूप में संस्थान की महामंत्री विजयलक्ष्मी गलूंडिया मौजूद रही।
फत्तावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला शक्ति सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े तो समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का सामूहिक संकल्प कराया।
महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा सोनल सिंघवी ने बताया कि इस अवसर पर एस्ट्रोलोजर और लाइफ़ कोच अंकिता मुणोत ने ग्रहों का मनुष्य के जीवन पर पडऩे वाले प्रभाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। हर ग्रह हमारे भीतर मौजूद एक शक्ति है। जब हम स्वयं को समझते है, तब हम अपने जीवन को अधिक संतुलित, सफल और सुखी बना सकते हैं। सूर्य, चंद्रमा, बुध, शुक्र, मंगल, बृहस्पति और शनि क्या दर्शाता है, इसकी जानकारी दी। इन ग्रहों के मजबूत और कमजोर होने के व्यक्ति में क्या संभावित लक्षण होते है उसके बारे में वर्कशीट के माध्यम से महिला प्रकोष्ठ सदस्यों को स्व आकलन करवाया और अपना स्कोर कार्ड बनवाया और इन ग्रहों के कमजोर होने पर उन्हें मजबूत करने के उपाय भी बताए। सूर्य पिता,आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सम्मान, पहचान, रचनात्मकता और हृदय को दर्शाता है। चंद्रमा मन की भावनाएं,माता, मानसिक शांति, संवेदनशीलता और भावनात्मक सुरक्षा की दर्शाता है। बुध बुद्धि, शिक्षा,वाणी, व्यापार, संवाद कौशल, मित्रता को दर्शाता है। शुक्र प्रेम, सुंदरता, विवाह, सुख सुविधाएं, कला, धन और ऐश्वर्य को दर्शाता है। मंगल साहस, ऊर्जा, कार्य करने की क्षमता, आत्म रक्षा, अनुशासन, रक्त और मांसपेशियां आदि को दर्शाता है। बृहस्पति ज्ञान, गुरु, आध्यात्मिकता, धन, संतान और भाग्य को दर्शाता है। वहीं शनि कर्म, जिम्मेदारी, अनुशासन,धैर्य, मेहनत और जीवन के सबक को दर्शाता है।
महामंत्री प्रिया झगड़ावत ने बताया कि आया सावन झुम के की थीम पर हाउजी गेम्स खेलाया गया। साथ ही राम कृष्ण महावीर हनुमान पर आधाारित आयोजन में विजयलक्ष्मी गलुण्डिया प्रथम, सुनीता श्रीश्रीमाल द्वितीय व मंजू श्रीश्रीमाल तृतीय स्थान पर रही। पूर्व में आयोजित ऑनलाइन सलाद सजावट प्रतियोगिता में हेमलता आंचलिया प्रथम, शशि सिरोया, मंजू मेहता द्वितीय व सुमन डामर तृतीय स्थान पर रही। जिन्हे क्रमश: 1500, 1100 व 700 के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक मंगलाचरण से हुआ। शब्दों द्वारा स्वागत अध्यक्षा सोनल सिंघवी द्वारा किया गया तथा आभार महामंत्री प्रिया झगड़ावत द्वारा ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन कल्पना वस्तावत ने किया।
महिला शक्ति सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े तो समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन संभव : फत्तावत
