उदयपुर। आगामी हरियाली अमावस्या मेले को लेकर नगर निगम उदयपुर की ओर से तैयारियां लगातार जारी हैं। मेले में आने वाले शहरवासियों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम स्तर पर विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में मेले में लगने वाली दुकानों एवं स्टॉल के आवंटन के लिए खुली बोली प्रक्रिया का दुसरे दिन भी आयोजन किया गया। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि निगम राजस्व शाखा द्वारा लगातार दूसरे दिन भी मेले की दुकानों के लिए खुली बोली का आयोजन किया गया। खुली बोली में बड़ी संख्या में इच्छुक दुकानदारों एवं व्यापारियों ने भाग लिया। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आयोजित बोली के माध्यम से कुल 150 स्टॉल से नगर निगम को 4.64 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। निगम आयुक्त ने बताया कि मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों के लिए स्टॉल आवंटित किए जा रहे हैं, जिससे मेले में आने वाले लोगों को खान-पान, मनोरंजन एवं खरीदारी से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर हरियाली अमावस्या मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। मेला स्थल पर साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। निगम प्रशासन का प्रयास है कि हरियाली अमावस्या मेले में शहरवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो तथा मेला सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं आकर्षक रूप से आयोजित किया जा सके। मेले को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह बना हुआ है।
यह अधिकारी कर्मचारी रहे उपस्थित। बुधवार को खुली बोली के दूसरे दिन भी राजस्व अधिकारी नीतीश भटनागर, निगम लेखा अधिकारी बाबूलाल बंजारा, राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन, सहायक प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप वैष्णव, घनश्याम गमेती आदि उपस्थित रहे।
हरियाली अमावस्या: 150 स्टॉल से निगम को 4.64 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त
