युवती का मंदिर में मिला शव, सनसनी फैली

उदयपुर। शहर के सवीना थाना क्षेत्र के एकलिंगपुरा स्थित एक मंदिर में मंगलवार को युवती का शव पेड़ से लटका मिला। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंदिर में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा था और मजदूर जब काम पर आए तो युवती का शव देखकर डर गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा पेड़ से लटके शव को उतारने के बाद एमबी अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया।
बताया गया कि सवीना थाना क्षेत्र के एकलिंगपुरा में जोयड़ा बावजी के मंदिर का निर्माण चल रहा है। जिसके लिए मजदूर रोजाना काम पर आते तथा शाम को अपने—अपने घरों के लिए निकल जाते। मंगलवार सुबह जब मजदूर वहां पहुंचे तो उन्होंने मंदिर परिसर के एक पेड़ से युवती के शव को लटका देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवती की पहचान हो गई है। पुष्पा नामक यह महिला इसी मंदिर के पीछे बस्ती में रहती थी तथा सब्जी बेचने का काम करती थी। उसके परिजनों ने बताया कि वह बीती रात घर नहीं लौटी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। युवती ने आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई, इस बारे में जांच के बाद ही खुलासा हो पाएगा। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!