माइंस में युवक डूबा, मौत
उदयपुर। जिले के खेमली क्षेत्र में विजनवास नेगडिया के पास महालक्ष्मी मिनरल्स माइंस में भरे पानी में डूबने से एक युवक की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त 36 वर्षीय गंगाराम गमेती के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह माइंस की गहराई में चले जाने से पानी में डूब गया। सूचना पर पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तलाश करते हुए शव को बाहर निकाला। शव पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार की टक्कर से टेम्पो चालक की मौत : शहर के समीप नाथद्वारा हाईवे पर कार द्वारा आगे चल रहे टेम्पो को टक्कर मारने से हादसे में टेम्पो चालक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार हेमन्त मन्दवानी निवासी भूपालपुरा ने कार चालक के खिलाफ सुखेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि उसके पिता विजय मन्दवानी टेम्पो लेकर आ रहे थे कि नाथद्वारा—उदयपुर रोड पर ढाबालोजी कट के पास पीछे से तेज गति में आ रही कार ने लापरवाही से टेम्पो के टक्कर मार दी जिससे हादसे में उसके पिता विजय कुमार की मृत्यु हो गई जबकि उसके साथ बैठा अनिल चावला गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंपा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जहर खाने से युवक की मौत : जिले के सायरा थाना क्षेत्र में युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार वागसिंह पुत्र अमरसिंह भाटी निवासी निकोर ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसके चचेरे भाई जितेंद्र सिंह 30 पुत्र देवीसिंह राजपूत निवासी निकोर ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसे अचेतावस्था में चिकित्सालय भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। जहर खाने के कारणा का खुलासा नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ओढनी से महिला ने पेड पर लगाई फांसी, मौत : उदयपुर। जिले के ओगणा क्षेत्र में महिला ने ओढनी से पेड पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार सूरज पुत्र मगला भगोरा निवासी कालीयाघाटी ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी मीरा बाई ने घर से थोडी दूर जाकर पेड पर ओढनी से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ। पुलिस मामले में जुटी है।
मोटरसाइकिल हादसे में युवती की मौत : उदयपुर। उदयपुर—चित्तौडगढ हाईवे पर देबारी स्थित घाटाावाला माताजी के यहां मोटरसाइकिल की टक्कर से हादसे में युवती की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार राजकुमार पुत्र उदयलाल सोनी निवासी नानी गली कंवरपदा मार्ग ने प्रतापनगर थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि घाटावाला माताजी देबारी के यहां मोटरसाइकिल चालक ने लापरवाही से चलाते हुए एक्सीडेंट करने से खुश्बू सोनी की मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
