लकड़ियों से भरे ट्रेलर में लगी आग, 4 घंटे उदयपुर—सिरोही मार्ग रहा जाम

उदयपुर। जिले के बेकरिया क्षेत्र में रविवार देर रात करीब तीन बजे जलाऊ लकड़ियां लेकर आ रहे एक ट्रेलर ने आग पकड़ ली। समय रहते उसके चालक और खलासी बाहर निकलने में कामयाब रहे और जिंदा बच गए। जबकि आग की वजह से लकड़ी पूरी तरह जल गई। उदयपुर, सिरोही तथा पिंडवाड़ा स्थित सीेमेंट फैक्ट्री से आईं दमकलों ने आग पर काबू पाया और क्रेन के जरिए जले ट्रेलर को सड़क के साइड खड़ा किया, जिसके चलते चार घंटे तक उदयपुर—सिरोही मार्ग पर यातायात बंद रहा।
बताया गया कि घटना बेकरिया थाना क्षेत्र के देवला के समीप हुई। जिसमें उदयपुर के एक ट्रेलर से चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी कस्बे का चालक प्रभुलाल बैरवा जलाऊ लकड़ी लेकर गुजरात के पालनपुर जा रहा था। जांच से पता चला कि शार्ट सर्किट की वजह से उठी चिंगारी से सूखी लकड़ी सुलग गई और हवा के साथ आग ने समूचे ट्रेलर को घेर लिया। जब चालक और खलासी को इसका पता चला तब तक आग पूरी तरह भड़क उठी थी और उन्होंने ट्रेलर को बीच राह में रोका तथा उतर कर अपनी जान बचाई। इस घटना के चलते उदयपुर—सिरोही मार्ग पर दोनों ओर जाम लग गया। जिसकी सूचना बेकरिया थाना पुलिस को मिली तो वह घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने जलते ट्रेलर को देखकर उदयपुर, पिंडवाड़ा तथा सिरोही से दमकल दलों को बुलाया। जिसने ढाई—तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया लेकिन लकड़ी लगभग जल चुकी थी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर क्रेन बुलाई तथा जले ट्रेलर को बीच सड़क से हटवाया। जिसके बाद जाम खुला और सामान्य यातायात बहाल हो पाया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!