प्रथम चरण की अधिसूचना जारी, नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पंचायती राज चुनाव 2026
पहले दिन किसी उम्मीदवार ने नहीं भरा पर्चा
उदयपुर, 8 अक्टूबर। पंचायती राज चुनाव – 2026 का आगाज गुरूवार को प्रथम चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ हुआ। उदयपुर जिले में प्रथम चरण में 10 पंचायत समितियों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होनी है। नामांकन के प्रथम दिन किसी भी पंचायत समिति में जिला परिषद या पंचायत समिति सदस्य पद के लिए कोई नाम निर्देशन पत्र दाखिल नहीं किया गया।

पंचायतीराज चुनाव कार्यक्रम के तहत गुरूवार को जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल तथा संबंधित पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारियों ने अधिसूचना जारी की। इसके साथ ही जिला परिषद सदस्यों एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हुई। प्रथम चरण में 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इस चरण में 826 मतदान केंद्र रहेंगे। इनमें झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भीण्डर और कुराबड़ शामिल हैं।

नामांकन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर, मंगलवार तीन बजे तक, नामांकन पत्रों की संवीक्षा की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर, नाम वापसी की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर, गुरुवार अपराह्न तीन बजे तक, चुनाव चिह्न का आवंटन 15 अक्टूबर को तथा मतदान 22 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना 20 नवंबर शुक्रवार को होगी। प्रथम चरण में पंच-सरपंच पदों के लिए नामांकन 23 अक्टूबर को तथा मतदान एवं मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।
—00—

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!