सुरीला संगीत समूह के 40 से अधिक संगीत साधकों ने सुरों से सजाई यादगार शाम
उदयपुर, 12 अक्टूबर। सुरीला संगीत समूह की ओर से शनिवार, 10 अक्टूबर को हिरण मगरी सेक्टर-8 स्थित ढाबागिरी रेस्टोरेंट के बैंक्वेट हॉल में महान गायक किशोर कुमार के स्वरों में सजे महानायक अमिताभ बच्चन पर फिल्माए गए सदाबहार गीतों का मनमोहक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 40 से अधिक संगीत साधकों ने अपनी गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा माहौल संगीतमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ समूह संयोजिका मधु केवलिया ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। पूर्व पार्षद मुकेश शर्मा ने ‘रोते-रोते हंसना सीखो’, रविंद्र माथुर ने ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’, अजय राठौड़ ने ‘जिंदगी के सफर में’ और मधु शर्मा ने ‘छूकर मेरे मन को’ गीत प्रस्तुत कर खूब दाद बटोरी।
मंजू गर्ग, सूर्यप्रकाश श्रीमाली, एस.डी. कौशल, कमलेश जैन, सुधीर दत्त, कमलेश कुमावत, गिरीश पुरोहित, संदीप यादव, सुधीर दत्त व्यास, हेमंत सूर्यवंशी, सुरेंद्र दत्त, आरती, सुनीता जटिया, संगीता गोस्वामी, किशोर यादव, क्षितिज, अरविंद सालवी, विजय जैन, दिव्या सारस्वत, अभिमन्यु, पवन शर्मा, विजय कुमार, सरोज, लव व्यास, नीलम कौशल, बी.एल. चौहान, राजेंद्र जैन, स्वपनलिका और आसिफ खान सहित अन्य संगीत साधकों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम में ‘ओ शेरोवाली’, ‘कभी-कभी’ और ‘रंग बरसे’ जैसे लोकप्रिय गीतों ने श्रोताओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। हर प्रस्तुति पर श्रोताओं ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कैलाश केवलिया ने सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि संगीत से जुड़े रहना जीवन में आनंद और सकारात्मकता बनाए रखने का सुंदर माध्यम है। श्रोताओं ने भी ऐसे संगीत आयोजनों को मानसिक शांति, मनोरंजन और आपसी जुड़ाव के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम का मंच संचालन गिरीश पुरोहित ने किया। सदाबहार गीतों की मधुर प्रस्तुतियों के साथ यह संगीतमय शाम यादगार बन गई।
