सुरों की मंडली की ओर से अशोका ग्रीन में 4 नवंबर को होगा भव्य दिवाली स्नेह मिलन समारोह

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
संगीत, आत्मीयता और खुशियों के संग सजेगी दीपावली की शाम, शाम 6 बजे से होगा आयोजन

उदयपुर। दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुरों की मंडली संस्था की ओर से 4 नवंबर को भव्य दिवाली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 6 बजे से अशोका ग्रीन, 100 फीट रोड, शोभागपुरा, उदयपुर में आयोजित होगा। समारोह में संस्था के सदस्य संगीत, आत्मीयता और खुशियों के बीच दीपावली का उत्सव मनाएंगे। कार्यक्रम के पश्चात स्नेह भोज का आयोजन भी होगा। कार्यक्रम में सुरों की मंडली संस्था के सदस्य हिस्सा लेंगे।

सुरों की मंडली के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने कहा कि संस्था संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ने तथा समाज में प्रेम और सद्भाव की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। दिवाली स्नेह मिलन समारोह सभी सदस्यों के लिए आपसी मेल-मिलाप, आत्मीयता और खुशियां साझा करने का विशेष अवसर बनेगा। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम अपने साथ दूसरों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाएं। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, सौहार्द और उल्लास के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।

सुरों की मंडली संस्था की उपाध्यक्ष डॉ. रीना राठौड़ ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि रिश्तों में मिठास घोलने, नई उम्मीदों का स्वागत करने और खुशियां बांटने का अवसर है। दिवाली स्नेह मिलन जैसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहारों का विशेष महत्व है और इन्हें मिल-जुलकर मनाने से समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का संचार होता है।

डॉ. रीना राठौड़ बीएचएमएस हैं और ग़ज़लों पर शोध कार्य कर चुकी हैं। वे लघु उद्योग भारती स्वयंसिद्धा की प्रभारी हैं। इसके साथ ही वे मेवाड़ हाईटेक इंजीनियरिंग लिमिटेड में निदेशक, मेवाड़ टेक्नोकास्ट प्राइवेट लिमिटेड में प्रबंध निदेशक तथा आयरन स्ट्रीट की प्रोपराइटर हैं। उन्हें नागपुर और जयपुर में उत्कृष्ट महिला उद्यमी के रूप में सम्मानित किया जा चुका है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!