उदयपुर। माउण्ट लिटेरा ज़ी स्कूल में आयोजित दस दिवसीय “इनोवेटिव समर कैंप” का समापन समारोह बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने खेल, कला, संगीत, नृत्य, क्राफ्ट, योग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, स्पोकन इंग्लिश, विज्ञान गतिविधियों एवं रचनात्मक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की छुपी प्रतिभाओं को निखारना तथा उन्हें नई गतिविधियों से जोड़कर आत्मविश्वास विकसित करना रहा।
समापन समारोह में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें समूह नृत्य, गीत, अभिनय, कला प्रदर्शनी एवं विभिन्न मॉडल्स ने सभी का मन मोह लिया। अभिभावकों एवं अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की।
विद्यालय निदेशक अरुण मांडोत ने कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्राचार्या गरिमा भाटी ने विद्यार्थियों को नई चीजें सीखने के लिए सदैव उत्साहित रहने का संदेश दिया। वहीं सन्दीप डे ने सभी प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों के सहयोग की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समर कैंप के दौरान योग सत्र का संचालन जयदीप द्वारा किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को योग एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी गई। बच्चों ने योग गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न योगासन सीखकर आनंद प्राप्त किया।
विद्यालय परिवार की ओर से समर कैंप को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, कोऑर्डिनेटर्स, सपोर्ट स्टाफ एवं एडमिन टीम का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो पाया।
कार्यक्रम के अंत में कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन का संचालन शिक्षकों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
माउंट लिटेरा जी स्कूल में इनोवेटिव समर कैंप का उत्साहपूर्ण समापन
