उदयपुर, 28 मई। राजस्व मंत्री और उदयपुर जिले के प्रभारी श्री हेमन्त मीणा ने गुरुवार को गिर्वा ब्लॉक के चैकड़िया पंचायत मुख्यालय पर आयोजित वंदे गंगा अभियान के ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने सुरम्य पहाड़ियों के बीच स्थित ऐतिहासिक नांदेश्वर तालाब के पवित्र जल का विधि-विधान से पूजन किया। इसी तालाब से नांदेश्वर चैनल के माध्यम से बारिश का पानी ऐतिहासिक पीछोला झील में आता है। जल पूजन के पश्चात ग्रामीण महिलाओं ने मंगलगीत गाते हुए एक भव्य कलश यात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

भावी पीढ़ी के लिए जल संजोने का प्रयास है वंदे गंगा अभियान
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी मंत्री श्री हेमन्त मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के निर्देशन में पूरे प्रदेश में 25 मई से 5 जून तक वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पारंपरिक जल संरचनाओं की सफाई, संरक्षण एवं मरम्मत आदि के कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इस अभियान के तहत किए गए सामूहिक प्रयासों के अत्यंत सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं। क्षेत्रीय विधायक श्री फूलसिंह मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल चेतना जागृत करने और जल स्रोतों के पुनरुद्धार के लिए हर नागरिक को आगे आना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पानी की किल्लत दूर करने और भावी पीढ़ी के लिए जल संजोये रखने के स्थायी उपायों के लिए आमजन में जनजागरूकता होना बेहद जरूरी है।
पौधारोपण कर ग्रामीणों को किया सम्मानित, दिलाई शपथ
इस विशेष अवसर पर पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश देने के लिए प्रभारी मंत्री, क्षेत्रीय विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया। इसके साथ ही मंत्री श्री मीणा ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय व सराहनीय कार्य करने वाले जागरूक ग्रामीणों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमुदाय को पानी की हर बूंद बचाने और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए जल संरक्षण की सामुहिक शपथ दिलाई गई।
प्रशासनिक अधिकारी एवं प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री फूलसिंह मीणा, जिला मजिस्ट्रेट एवं कलक्टर श्री गौरव अग्रवाल, श्री गजपाल सिंह राठौड़, श्री अशोक शर्मा के अलावा श्री देवीलाल सालवी, श्री अमृत मेनारिया, श्री तख्त सिंह शक्तावत, श्री कमलेश शर्मा, श्री सुनील चैधरी, श्री मोहन मीणा सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। गिर्वा उपखंड अधिकारी श्री ए. साईं कृष्णा, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री वीरमाराम, बीडीओ श्री अजीत मीणा सहित स्थानीय अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
