उदयपुर 4 अगस्त समग्र शिक्षा अभियान के तहत यूडाईस पोर्टल (2026-27) पर विद्यार्थियों के प्रोग्रेशन का कार्य समय पर पूरा न करने को लेकर शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कुंज बिहारी भारद्वाज ने जिले के सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए निर्देश दिए हैं कि 5 अगस्त 2026 तक यह कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
कोटड़ा, खेरवाड़ा और मावली ब्लॉक में सबसे खराब प्रदर्शन-जारी आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, जिले में कुल 31,395 विद्यार्थियों का प्रोग्रेशन कार्य अभी भी लंबित है। इसमें सबसे निराशाजनक प्रदर्शन कोटड़ा ब्लॉक का रहा है, जहाँ सर्वाधिक 6,927 विद्यार्थियों का डाटा पेंडिंग है ।इसके अलावा खेरवाड़ा में 3,702 और मावली में 3,418 विद्यार्थियों का कार्य अटका हुआ है। वहीं संख्या के लिहाज से गिर्वा ब्लॉक में सबसे ज्यादा 10,676 विद्यार्थियों का प्रोग्रेशन कार्य होना बाकी है।
इन ब्लॉकों में भी लक्ष्य अभी दूर- धीमी गति से कार्य करने वाले अन्य प्रमुख ब्लॉकों में गोगुंदा 2166, खेमली 1215 , ऋषभदेव 1209, फलासिया 890 और देवला 725 विद्यार्थियों का डाटा पेंडिंग शामिल हैं। इसके अलावा कुराबड़, बड़गांव, सायरा जैसे ब्लॉकों में भी कार्य शत-प्रतिशत पूरा नहीं हो सका है।
चार ब्लॉकों ने हासिल किया शत-प्रतिशत लक्ष्य- जहाँ एक ओर कई ब्लॉक लापरवाही बरत रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भींडर, झाड़ोल, नयागांव और वल्लभनगर ब्लॉकों ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपने यहाँ 100% स्टूडेंट प्रोग्रेशन का कार्य समय से पहले ही पूरा कर लिया है।
विद्यार्थियों के ट्रांसफर और नए नामांकन में आ रही बाधा-अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक ने बताया कि वर्ष 2025-26 के परीक्षा परिणाम और उपस्थिति का इन्द्राज मई 2026 तक ही पूरा किया जाना था। कार्य लंबित होने की वजह से जो विद्यार्थी दूसरे जिलों या राज्यों में स्थानांतरित हो रहे हैं, उन्हें यूडाईस पोर्टल पर डाटा ट्रांसफर में भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही स्कूलों में नए बालकों के नामांकन इन्द्राज का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए समस्त राजकीय व गैर-राजकीय विद्यालयों को पीईईओ और यूसीईओ के माध्यम से पाबंद कर कल तक काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
