शारीरिक शिक्षकों की जिला स्तरीय सत्रारंभ वाक्पीठ संगोष्ठी संपन्न

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी भेजने वाले शारीरिक शिक्षकों का हुआ सम्मान
क्रिकेट में बदले नियमों की दी जानकारी, दिवंगत शिक्षकों की स्मृति में हुई मौन प्रार्थना सभा
उदयपुर, 8 जुलाई। घासा तहसील क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मांगथला में माध्यमिक शिक्षा द्वितीय के अंतर्गत आने वाले जिलों के सभी आठ ब्लॉकों के शारीरिक शिक्षकों की दो दिवसीय जिला स्तरीय सत्रारंभ वाक्पीठ संगोष्ठी का समापन हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता आयोजक विद्यालय के उप प्रधानाचार्य मोहन सिंह देवड़ा ने की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि उप जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक (शारीरिक शिक्षा) लक्ष्मण दास वैष्णव रहे, उन्होंने कहा कि खेलों की शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। शारीरिक शिक्षकों की भूमिका केवल विद्यार्थियों को खेल प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
क्रिकेट के नए नियमों की दी जानकारी
संगोष्ठी के दूसरे दिन क्रिकेट खेल पर विशेष वार्ता आयोजित की गई। क्रिकेट विशेषज्ञ कैलाश चंद्र मीणा ने वार्ता प्रस्तुत करते हुए क्रिकेट के नियमों में हुए नवीनतम बदलावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नए नियमों के विभिन्न प्रावधानों, खेल के दौरान उनके व्यावहारिक उपयोग तथा निर्णयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में शारीरिक शिक्षकों को अवगत कराया। वाक्पीठ सचिव चंद्रशेखर मेनारिया ने बताया कि संगोष्ठी में विभिन्न खेलों में हुए नवाचारों, नवीन नियमों तथा खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने वाले शिक्षकों का सम्मान
समारोह में गत सत्र में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों को मुख्य अतिथि लक्ष्मण दास वैष्णव के हाथों सम्मानित किया गया। शिक्षकों के इस योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि राष्ट्रीय स्तर तक खिलाड़ियों को पहुंचाने में शारीरिक शिक्षकों का प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं निरंतर मेहनत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर इस सत्र में सेवानिवृत्त होने वाले सुरेंद्र सिंह झाला सहित अन्य शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।
दिवंगत शारीरिक शिक्षकों को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में सेवा के दौरान आकस्मिक निधन को प्राप्त हुए शारीरिक शिक्षकों की स्मृति में मौन प्रार्थना सभा आयोजित की गई। उपस्थित सभी शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत शिक्षकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मौन प्रार्थना सभा में हरिवल्लभ रैगर, सतविंदर सिंह, यशपाल खटीक, विक्रम सिंह चंपावत, जमना शंकर मेनारिया एवं महेश्वर पाल सिंह सौड़ा को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ विद्यालय शिक्षा घासा ब्लॉक अध्यक्ष भीमसिंह राव, महावीर सिंह झाला, रामलाल लोहार, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मावली रिपुदमन उज्जवल, राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह झाला, माध्यमिक शिक्षा द्वितीय वाक्पीठ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह झाला, माध्यमिक शिक्षा प्रथम के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह झाला, सभाध्यक्ष हरिराम माली, वाक्पीठ जिला कोषाध्यक्ष अरुण कोठारी सहित प्राध्यापक एवं शारीरिक शिक्षक हर्षवर्धन सिंह, हरि सिंह राजावत, अर्जुन सिंह झाला एवं संजय आमेटा सहित जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!