उदयपुर, 16 जून। उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) द्वारा आयोजित “शहरी सेवा शिविर-2026” के तहत मंगलवार को यूडीए कार्यालय परिसर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान यूडीए सचिव हेमेन्द्र नागर ने विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण कर प्राप्त परिवादों के निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में उपस्थित आमजन से संवाद कर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की।
शिविर में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) जितेन्द्र ओझा, जोन उपायुक्त सुरेन्द्र बी. पाटीदार, रमेश बहेड़िया, भूमि अवाप्ति अधिकारी शैलेश खैरवा, तहसीलदार रणजीत सिंह विट्टू, अभिनव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान कुल 246 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इनमें 71 पट्टों के आवेदन, 1 फ्री-होल्ड पट्टा, 8 भवन मानचित्र प्रकरण, 65 नाम हस्तांतरण, 3 आवंटन पत्र तथा 98 स्ट्रीट लाइट एवं अन्य शिकायतों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। यूडीए सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
युडीए के शहरी सेवा शिविर में 246 प्रकरणों का निस्तारण
