आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के तहत खेरवाड़ा में विकास कार्यों पर हुई चर्चा

समन्वित प्रयासों से इस कार्यक्रम को सफल बनाएं-कलक्टर
उदयपुर, 22 मई  नीति आयोग द्वारा आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के तहत जिले से खेरवाड़ा ब्लॉक का चयन किया गया है। ब्लॉक खेरवाड़ा के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत 40 इंडीकेटर्स से संबंधित सभी विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता जिला परिषद सभागार में आयोजित हुई। कलक्टर ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करते हुए कार्य करने की बात कही। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस दिशा में प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ कार्यों को गति प्रदान करने के निर्देश दिए।
मुख्य आयोजन अधिकारी पुनीत शर्मा ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक में जारी विकास योजनाओं की समीक्षा करना और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श करना है। बैठक में कुल 40 संकेतकों में से 12 संकेतक संतृप्त, 7 संकेतक  में  50 से 90 प्रतिशत प्रगति, 9 संकेतकों में 10 से 50 प्रतिशत प्रगति एवं शेष में 10 प्रतिशत से कम प्रगति रही है, जिसमें सुधार हेतु ब्लॉक विकास रणनीति पर कार्य करने के निर्देश दिए। श्री शर्मा ने बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित इंडीकेटर्स की पिछले वर्ष की समेकित एवं माह अप्रैल 2024 की प्रगति के बारे में बताया।
बैठक में विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें स्वास्थ्य, स्वच्छता अभियान, जलापूर्ति और शिक्षा संबंधी योजनाओं व अन्य आधारभूत सुविधाओं एवं महिला बाल विकास की स्थिति का विश्लेषण किया गया। स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा किया। ब्लॉक प्रमुख ने नागरिकों की भागीदारी को सराहते हुए उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में फंड के सही और पारदर्शी उपयोग पर जोर दिया। विभिन्न योजनाओं के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता पर भी चर्चा की गई।

अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर महिलाओं को  किया जागरूक
उदयपुर, 22 मई। माननीय सदस्य सचिव राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वाधान में श्रीमान अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के निर्देशों के क्रम में प्राधिकरण सचिव एडीजे कुलदीप शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के उपलक्ष्य में संबल स्वाधार गृह में आवासित महिलाओं को जागरूक किया। इस अवसर पर शर्मा ने बालश्रम रोको, बाल विवाह रोको विषय पर जानकारी दी और विधिक सेवा सहायता, विधिक सेवा प्राधिकरण 1987, राष्ट्रीय लोक अदालत व राजस्थान पीड़ित प्रतिकर स्कीम 2011 के बारे में भी बताया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!