रिश्वत के 3000 रुपए लेकर कांस्टेबल हो गया फरार, हाथ मलती रह गई एसीबी टीम

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। शहर के गोवर्धन विलास थाने का एक कांस्टेबल ने परिवादी से रिश्वत के तीन हजार रुपए ले लिए और जब उसे दबौचने पहुंची भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो स्पेशल यूनिट की टीम उसके भाग जाने पर हाथ मलते रह गई। अब एसीबी टीम फरार कांस्टेबल को तलाश रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि ब्यूरो के हेल्पलाईन नं 1064 पर शिकायत दर्ज करवाने के पश्चात 19 जुलाई को एसीबी चौकी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, स्पेशल यूनिट, उदयपुर पर परिवादी द्वारा शिकायत प्रस्तुत की कि पुलिस थाना गोवर्धनविलास उदयपुर पर उसके विरूद्ध मारपीट करने के संबंध में दर्ज शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने की एवज में पुलिस थाना गोवर्धनविलास के पुलिस कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार मीणा 3055 द्वारा तीन हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग की जा रही है। जिस पर एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी स्पेशल यूनिट उदयपुर के प्रभारी अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में निरीक्षक लक्ष्मण डांगी द्वारा रिश्वत राशि मांग सत्यापन वार्ता की कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी कास्टेबल राजेन्द्र कुमार मीणा द्वारा परिवादी से उसके खिलाफ पुलिस थाना गोवर्धनविलास में दर्ज शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने की एवज में 3000 रूपए रिश्वत राशि की मांग की गई। रिश्वत मांग सत्यापन की पुष्टि होने पर 23 जुलाई को पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण डांगी मय टीम द्वारा अग्रिम ट्रेप कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार मीणा  द्वारा अपनी मांग अनुसार परिवादी से रिश्वत राशि 3000  रुपए ग्रहण करने पर डिटेन करने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी रिश्वत राशि ग्रहण कर नेशनल हाईवे पर ट्रेफिक के दबाव का फायदा उठाकर मोटरसाईकिल से फरार हो गया। आरोपी राजेन्द्र कुमार मीणा कानिस्टेबल बेल्ट नं. 3055 पुलिस थाना गोवर्धनविलास की तलाश की जा रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर 9413502834 पर 24×7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!