उदयपुर। लखनऊ में गत चार जुलाई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो के दौरान भगवान हनुमान के स्वरूप के साथ किए गए कथित अशोभनीय प्रदर्शन के विरोध में उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने गुरुवार को सूरजपोल थाना पहुंचकर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस घटना से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा धर्म और आस्था का इस प्रकार अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस घटना पर देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि थाना अधिकारी सहित पुलिस स्टाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए तैयार नहीं था। इसके विरोध में सभी कांग्रेसजन सूरजपोल थाने के परिसर में फर्श पर बैठ गए और भगवान हनुमान का स्मरण करते हुए हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया तथा पुलिस प्रशासन को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की। उसके बाद थाने वालों ने फिर लेकर रसीद दे दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव सभी धर्मों और समाज की गरिमा एवं सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और धार्मिक भावनाओं के अपमान के विरुद्ध लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाती रहेगी। इस अवसर पर संगठन महामंत्री अरुण टांक, महामंत्री दिनेश कुमार दवे, राजेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक सुखाड़िया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोपाल नागर, पंकज सुखवाल, शंकर चंदेल, मंडल अध्यक्ष ऋतुराज मिश्रा, श्याम सुंदर गुर्जर, यशवंत राजोरा, पार्षद गौरव प्रताप सिंह, एनएसयूआई अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, नरेंद्र टांक, देवेंद्र माली, हितेश साहू, सी.पी. झाला, वीरेंद्र चौधरी, गोविंद सक्सेना, जगदीश जलानिया, महिमा चुग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
हनुमानजी के अपमान के विरोध में कांग्रेसजनों ने किया थाने में हनुमान चालीसा का पाठ
