डॉ. गिरिजा व्यास सहित कांग्रेस नेता बोले- राहुल की संसद सदस्यता खत्म करना तानाशाही रवैया

उदयपुर। पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉण् गिरिजा व्यास, कांग्रेस राष्ट्रीय कमेटी के सदस्य रघुवीर सिंह मीणा सहित कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म किए जाने को तानाशाही बताया है।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास का कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करना तानाशाही की ओर बढता एक और कदम है।
डॉ. व्यास ने कहा कि मोदी सरकार का पूरा तंत्र उस इंसान को चुप कराने में लगा है जो फांसीवाद और भ्रष्टाचार के विरोध में लगातार लड़ाई लड़ रहा है। उनकी लोकसभा की सदस्यता को समाप्त करने का आदेश इस बात की ओर इशारा करता है कि योजनाबद्ध तरीके से देश में लोकतंत्र को समाप्त किया जा रहा है।
कांग्रेस राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य एवं पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा का कहना है कि सच्चाई और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संसद से सड़क तक लड़ाई लड़ रहे राहुल गांधी की सदस्यता को खत्म करना तानाशाही नहीं तो और क्या है। देश की जनता इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस लोकतंत्र विरोधी हर षड्यंत्र के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी। कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, ग्रामीण जिलाध्यक्ष लाल सिंह झाला तथा कांग्रेस के पूर्व सचिव पंकज शर्मा सहित सभी पार्टी नेताओं ने राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करने को तानाशाही निर्णय बताया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!