उदयपुर। शहर के मल्लातलाई क्षेत्र में बीती रात को हुई फायरिंग के मामले का महज़ कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर घटना में शामिल चारों आरोपियों को दबोचने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी मोहम्मद आरिफ और अरबाज़ खान निवासीगण गरीब नवाज कॉलोनी, मल्लातलाई ने थाना अंबामाता में दी रिपोर्ट के अनुसार बीती देर रात करीब 01ः17 बजे पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार बदमाशों ने उनके मकान के बाहर शराब की बोतल फेंकी और मुख्य गेट पर अवैध हथियार से हवाई फायरिंग की। इसी दौरान आरोपियों के अन्य साथियों ने उसके मित्र अरबाज़ के घर के बाहर भी बीयर की बोतलें फोड़कर हवाई फायरिंग की और जान से मारने की नीयत से इलाके में दहशत फैलाई। इस मामले में ए-कैटेगरी की सख्त नाकाबंदी कराई गई व विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने तुरंत सीसीटीवी कैमरों में ह्यूमन इंटेलिजेंस और साइबर सेल की मदद से कुछ ही घंटों में आरोपियों को लोकेट कर लिया। इसके बाद पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को डबोक व तीन आरोपियों को भीलवाडा से घेराबंदी कर डिटेन किया। भीलवाड़ा के छपरी गाँव में जब पुलिस टीम ने तीन आरोपियों इस्माईल उर्फ मनू उर्फ बड़ा मेवाती पुत्र स्व.मो. जमील मेवाती निवासी धोली मगरी मस्तान बाबा के पास अंबामाता, समीर मेवाती उर्फ बिट्टू पुत्र मो. हनीफ निवासी धोली मगरी मस्तान बाबा के पास अंबामाता और ताज मोहम्मद उर्फ शेरा पुत्र मोहम्मद फयाज निवासी गरीब नवाज कॉलोनी मनसुरी नोहरे के पास के छिपे होने के ठिकाने पर अचानक दबिश दी। पुलिस के इस अचानक और कड़क एक्शन को देखकर इन अपराधियों के हौसले पूरी तरह पस्त हो गए। खौफ और डर के मारे अपराधियों की पैंट/कपड़े तक गीले (पेशाब निकल गया) हो गए और घुटने टेककर रोने और गिड़गिड़ाने लगे। पुलिस टीम को चकमा देने और गिरफ्तारी से बचने के लिए एक नाबालिग आरोपी ने अपने पहने हुए जींस टी-शर्ट पर जनाना कपड़े पहने हुए थे और छिपने का प्रयास किया। डिटेनशुदा आरोपियों को लेकर पुलिस टीम उदयपुर आ रही थी, तब चिरवा टनल के पास बदमाशों ने लघुशंका का बहाना बनाकर भागने का प्रयास किया। भागते समय तीन आरोपी अपना संतुलन खो बैठे और एक गड्ढे में गिर गए। जिसके कारण तीनों के पैरों में गंभीर चोटें (फै्रक्चर) आई। जिन्हे पुलिस द्वारा इलाज के लिए एमबी अस्पताल में भर्ती करवाया है। भागते बदमाशों को दबोचते समय टीम के एक कांस्टेबल फिरोज की नाक पर भी गंभीर चोट आई। गिरफ्तार आरोपियों से की गई प्रारंभिक पूछताछ और जांच में सामने आया कि करीब तीन माह पूर्व प्रार्थी अरबाज़ खान एक पिस्तौल लेकर मुख्य आरोपी मोहम्मद इस्माइल उर्फ बड़ा मेवाती के घर उसे धमकाने के लिए गया था। उस समय अंबामाता पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अरबाज़ खान के कब्जे से उक्त अवैध पिस्तौल बरामद कर उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। इसी घटना का बदला लेने के लिए आरोपी बड़ा मेवाती पिछले कई दिनों से फिराक में था। अरबाज़ खान को इस रंजिश का अंदेशा था, इसलिए वह अपनी सुरक्षा के लिए मोहम्मद आरिफ को बॉडीगार्ड के रूप में अपने साथ रखता था। मोहम्मद आरिफ जो कि जिम में सप्लीमेंट (प्रोटीन) बेचने का कार्य करता है और उसका शरीर भारी-भरकम (बाउंसर जैसा) है, उसे डराने और अरबाज़ से बदला लेने की नीयत से ही बड़ा मेवाती ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हवाई फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट किया कि उदयपुर जिले की शांत धरा पर गुंडागर्दी, अवैध हथियारों का प्रदर्शन और इस प्रकार की कायराना फायरिंग करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को पनाह देने और उनकी मदद करने वालों के खिलाफ भी पुलिस उतनी ही सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।
मल्लातलाई क्षेत्र में फायरिंग करने मामले में चार आरोपी डिटेन
