प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने एमबी अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने संभाग के सबसे बड़े महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय (एमबी हॉस्पिटल) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न विंग्स का दौरा करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से संवाद कर उपलब्ध उपचार एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रमुख शासन सचिव ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का अवलोकन करते हुए चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, संसाधनों की उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर उनका हालचाल पूछा तथा अस्पताल में मिल रही सेवाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। इसके पश्चात आरएनटी मेडिकल कॉलेज के मीटिंग हॉल में आयोजित बैठक में प्रमुख शासन सचिव ने अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में जनाना अस्पताल एवं 02 नवीन  निर्माणाधीन भवन की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की साथ ही फैकल्टी अपग्रेडेशन तथा चिकित्सा अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने से संबंधित पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान उन्होंने सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की सेवाओं की भी समीक्षा की। प्रमुख शासन सचिव ने न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी ,कार्डियोलॉजी पीडिएट्रिक एवं पीएसएम सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सकों से चर्चा कर अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। बैठक में अधिकारियों द्वारा प्रमुख शासन सचिव को अवगत कराया कि कार्डियक सर्जन का अन्यत्र स्थानांतरण होने से यहां पद रिक्त है एवं सेवाएं बाधित हो रही है जिस पर अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ की कमी को देखते हुए श्रीमती राठौड़ ने इसे गंभीरता से लिया एवं संबंधित चिकित्सक को पुनः उदयपुर हृदय रोग विभाग में लगाने हेतु संबंधित को निर्देश प्रदान किये ताकि हृदय रोगियों को विशेषज्ञ सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध हो सकें। इस अवसर पर आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य , एमबी अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर. एल. सुमन सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!