उदयपुर। श्री राधा कृष्ण फाउंडेशन की ओर से न्यू विजन के तत्वावधान में ब्रह्माकुमारी आश्रम की बहनों के साथ रक्षाबंधन का पर्व सामाजिक सरोकार और नशा मुक्ति के संकल्प के साथ मनाया गया। नशा मुक्ति के लिए सेंटर आए मरीजों को ब्रह्माकुमारी आश्रम की बहनों ने रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें हर प्रकार के नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया।
श्री राधा कृष्ण फाउंडेशन के संस्थापक लोकेश पटेल ने बताया कि इस अवसर पर आश्रम की बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह और सुरक्षा का पर्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने और सकारात्मक संकल्प लेने का भी अवसर है। आज आवश्यकता है कि युवा और समाज का प्रत्येक व्यक्ति नशे जैसी बुराई से दूर रहे और स्वस्थ एवं संस्कारवान जीवन की ओर आगे बढ़े। बहनों ने नशा मुक्ति का संकल्प दिलाते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। इससे बाहर निकलने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर प्रयास और सकारात्मक वातावरण बेहद जरूरी है।
न्यू विजन के संस्थापक हर्षित चोरड़िया ने बताया कि आश्रम की बहनों ने सेंटर में आए लोगों को राखी बांधकर उन्हें कहा कि जो व्यक्ति नशा करता है, उसके द्वारा नशा छोड़ देना ही हमारे लिए रक्षाबंधन का सबसे बड़ा और सर्वश्रेष्ठ उपहार होगा। रक्षा सूत्र केवल कलाई पर बांधा गया धागा नहीं, बल्कि स्वयं को बुरी आदतों से बचाने और जीवन को सही दिशा देने का संकल्प है। उन्होंने उपस्थित भाइयों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के दौरान राजयोग और ध्यान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। आश्रम की बहनों ने बताया कि नियमित ध्यान व्यक्ति को मानसिक शांति प्रदान करने के साथ ही आत्म अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होता है। यदि नशा छोड़ने की इच्छा के साथ योग और मेडिटेशन को जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रक्षा सूत्र बंधवाकर नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। रक्षाबंधन के इस आयोजन को सामाजिक जागरूकता और स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल बताया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी आश्रम की नन्दा बहन, मीरा बहन, अजय भाई, गोपाल भाई, श्री राधा कृष्ण फाउंडेशन के संस्थापक लोकेश पटेल, उपाध्यक्ष हरीश पटेल, न्यू विजन के संस्थापक हर्षित चोरड़िया सहित फाउंडेशन एवं न्यू विजन के अनेक कार्यकर्ता और गणमान्यजन उपस्थित रहे।
राधा कृष्ण फाउंडेशन में ब्रह्माकुमारी आश्रम की बहनों के साथ मनाया रक्षाबंधन, रक्षा सूत्र के साथ नशा मुक्ति का संकल्प
