एस जी एफ आई जिला स्तरीय प्रतियोगिता में डीपीएस के खिलाड़ियों ने जीते पदक

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर।एसजीएफआई जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। अंडर-14 बालिका एवं बालक वर्ग में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय देते हुए स्वर्ण एवं कांस्य पदक हासिल किए।
विद्यालय में एथलेटिक्स की कोच कुमकुम सैनी ने बताया कि अंडर-14 बालिका वर्ग की 4×100 मीटर रिले दौड़ में प्रिशा जैन, खुशी डांगी, डेमाइरा खंडेलवाल और निवि कराड़ की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, 200 मीटर दौड़ में खुशी डांगी ने कांस्य पदक जीतकर एक और उपलब्धि विद्यालय के नाम की। इसी प्रकार, अंडर-14 बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में विहान वेरडिया ने कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
इसी क्रम में अंडर-17 बालिका वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर दौड़ और हाई जंप में स्वर्ण पदक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। नव्या का चयन 200 मीटर दौड़ में राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहाँ वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-17 बालिका 4×100 मीटर रिले टीम ने भी स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। इस विजेता टीम में नव्या साहू, अर्णा चौहान, रक्षित शर्मा और योशिता सुथार शामिल रहीं। अंडर-19 बालक वर्ग में  लक्ष्य प्रताप ने 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
सभी होनहार खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की है। उनकी इस सफलता पर विद्यालय प्रबंधन के प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल, प्राचार्य संजय नरवरिया और उप प्राचार्य राजेश धाभाई ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!