डीपीएस उदयपुर में सीएपी-2025 का आयोजन

उदयपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी, नई दिल्ली के मार्गदर्शन व सहयोग से दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर कक्षा 12वीं के बाद छात्रों को देश व विदेश के प्रमुख कॉलेज, विश्वविद्यालय में चलाए जाने वाले विभिन्न पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देकर उनके सफल भविष्य की राह को सुगम बनाने के लिए ‘‘कॉलेज एक्सेस प्रोग्राम‘‘ आयोजित कर रहा है। यह प्रोग्राम 6 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक चलेगा।
प्राचार्य संजय नरवरिया ने बताया कि एक छात्र तथा उसके अभिभावक के समक्ष विद्यालयी शिक्षा के पश्चात उच्च शिक्षा हेतु कॉलेज व विश्वविद्यालय को लेकर सीमित जानकारी होती है और बच्चे की प्रतिभा व रुचि को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता वाले संस्थान में प्रवेश हेतु उन्हें अनेक चुनौतियों और संघर्ष का सामना करना पड़ता है। दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसायटी सदैव ही देश के सभी डी.पी.एस के छात्रों का उचित मार्गदर्शन कर उन्हें पूर्ण रूप से सहयोग प्रदान करती है। सोसाइटी के इस उद्देश्य में दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर हमकदम बनकर छात्रों व अभिभावकों को देश व विदेश के प्रमुख कॉलेजों व पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देने के लिए ही कॉलेज एक्सेस प्रोग्राम (ब्।च्) का आयोजन कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इस प्रोग्राम में प्रमुख रूप से फ्रांस, जापान, सिंगापुर, यूके, आयरलैंड तथा हांगकांग आदि देशों के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, उनकी समय सीमा व समय अवधि तथा विभिन्न स्तर पर मिलने वाली छात्रवृत्तियों की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस प्रोग्राम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र व अभिभावक प्रश्न पूछ कर स्वयं की जिज्ञासा को संतुष्ट कर सकेंगे। प्राचार्य ने बताया कि इस प्रोग्राम में अपना पंजीकरण करवा कर छात्र लाभान्वित हो पाएंगे और कुशल मार्गदर्शकों के सहयोग से अपने भविष्य को लेकर किसी भी समस्या व उलझन का समाधान प्राप्त कर सही संस्थान का चयन करने में सफल हो पाएँगे। प्रो.वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने बताया कि यदि विद्यार्थियों को उचित समय पर उचित मार्गदर्शन प्राप्त हो जाए तो उनका भविष्य सफल व उज्ज्वल हो जाता है। हमारा यह कदम उनके सपनों और जीवन के लक्ष्य को हासिल करने में अवश्य ही सहायक सिद्ध होगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!