5 जुलाई को थाली नाद आंदोलन से सरकार की नींद उडायेंगी भाजपा महिला मोर्चा

राजस्थान में महिला अत्याचार बढने का आरोप, कहा-सरकार के मंत्री भी गैर जिम्मेदार
उदयपुर शहर देहात से बड़ी संख्या में महिलाएं जाएगी जयपुर

उदयपुर 3 जुलाई। बढ़ते महिला अत्याचारों को लेकर बीजेपी महिला मोर्चा 5 जुलाई को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी। प्रदर्शन में महिला सांसद, विधायक,पूर्व विधायक, सहित पार्टी संगठन से जुड़ी पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता शामिल होंगी। राज्यभर से करीब 20 हजार महिलाओं के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। उदयपुर से भी बडी संख्या में महिलाएं प्रदर्शन में भाग लेने जाएंगी।
यहां भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व सभापति रजनी डांगी ने कहा कि गहलोत सरकार ने पिछले साढे 4 सालों में प्रदेश की महिलाओं, बहन, बेटियों, माताओं के प्रति लापरवाह नीतियां अपनाई है। प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध चरम पर हैं। महिलाएं अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। नाबालिग और छोटी-छोटी बच्चियों से रेप की घटनाएं आम बात हो गई है। राजस्थान में महिला अत्याचार चरम पर हो गया है। इसके बावजूद मंत्री गैर जिम्मेदाराना जवाब दे रहे हैं।
रजनी डांगी ने कहा कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो में सबसे ज्यादा रेप के मामले राजस्थान में दर्ज हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान में 2020 में मुकाबले रेप के मामलों में एक हजार से ज्यादा का अंतर है। 2020 में 5 हजार 310 व 2021 में 6 हजार 337 रेप के मामले दर्ज हुए है। रोज 109 महिलाएं उत्पीड़न, रेप, हत्या ,हत्या का प्रयास अपहरण, छेड़छाड़ के मामले दर्ज हो रहे है। रोज 17 दुष्कर्म होते है। हर दो घंटे में नाबालिग बच्ची का अपहरण हो रहा है। साल 2018 के मुकाबले प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ 46 प्रतिशत अपराध बढ़े है।
राजसमंद की विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि कांग्रेस के विधायक जोहरी लाल मीणा के पुत्र का दुष्कर्म के मामले में एफआईआर में नाम के बावजूद पुलिस ने आरोपी नहीं माना और कोर्ट के आदेश से गिरफ्तार हुआ। बीकानेर के खाजूवाला की घटना आपके सामने हैं। कांग्रेस सरकार की निर्मम नीतियों के कारण आज प्रदेश की महिलाएं आक्रोशित है। इन जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कांग्रेस सरकार के खस्ता रवैये और इनके मंत्रियों के गैर जिम्मेदाराना बयानों ने किया है। उन्होंने कहा कि हमने विधानसभा में भी ऐसे मामलों को उठाया है। क्योंकि रक्षक ही भक्षक बन गए हैं। सरकार फ्री बिजली की बात करती है, लेकिन जब महिला परिवार के साथ भोजन करने बैठती है तब ही बिजली बंद हो जाती है। किरण तांतेड ने बताया कि महिलाएं अपने साथ यह थाली नाद आंदोलन होगा जिसमें महिला थाली बजाकर सरकार की नींद उडायेंगी। महिला मोर्चा संभाग प्रभारी संगीता चौहान ने कहा कि नाबालिग बच्चियों के साथ आए दिन घटनाएं हो रही हैं। कल ही राजसमंद जिले के पडासली गांव में घटना हुई है। बढ़ते महिला अत्याचारों का जवाब मांगने के लिए 5 जुलाई को मुख्यमंत्री आवास का राजस्थान की बहिन बेटियां घेराव करेगी। सुबह 11 बजे सरदार पटेल मार्ग जयपुर स्थित भाजपा कार्यालय से आंदोलन शुरू होगा। इस मौके परपार्षद रेखा ऊंटवाल ने कहा कि इस रैली में अहंकारी व निरंकुश असंवेदनशील गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकने का महिला मोर्चा संकल्प लेगा।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता जोशी देहात जिलाध्यक्ष रितु अग्रवाल ने भी प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि उदयपुर शहर एवं देहात से काफी संख्या में महिलाएं जयपुर जा रही हैं। इसके लिए दोनों ही संगठनों की बैठको के माध्यम से महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के संभाग मीडिया प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल सोशल मीडिया के संभाग प्रभारी यशवंत मंडावरा युवा मोर्चा आईटी सेल के जिला संयोजक मोहित सनाढ्य आदि उपस्थित थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!