– देर रात लोकसभा अध्यक्ष से पूर्व विधायक ने की मुलाकात, सुबह भाजपा में वापसी
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा में मोदी की सभा से साढ़े तीन घंटे पहले बीजेपी के पूर्व विधायक और लाडपुरा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ भवानी सिंह राजावत को मना लिया। राजावत ने मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी कल्पना देवी के समर्थन में जुटकर काम करने की बात कही है। सोमवार देर रात लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से राजावत की मुलाकात हुई। आधे घंटे चली बातचीत के बाद मंगलवार सुबह राजावत ने चुनाव न लड़कर बीजेपी को समर्थन देने की बात कही।
भाजपा प्रत्याशी कल्पना देवी को दिया समर्थन
राजावत ने लाडपुरा से भाजपा प्रत्याशी कल्पना देवी को समर्थन देने की बात कही। मीडिया से बातचीत में राजावत ने कहा कि मैंने कार्यकर्ताओं को भगवान माना है। मैं कल्पना देवी से भी अपेक्षा करता हूं कि वह कार्यकर्ताओं को देवता मानकर चलें और कार्यकर्ताओं और उनके बीच में जो दूरी रही है, वह नहीं हो। कल्पना देवी को कार्यशैली में बदलाव लाकर आने वाले समय में कार्यकर्ताओं और जनता के बीच जाना पडे़गा। राजावत ने कहा कि अब राजतंत्र नहीं लोकतंत्र है। यह दूरी दूर करनी पडेगी और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में शामिल होना होगा। मैं उनसे यही अपेक्षा करता हूं। अब मिलकर काम करेंगे और हाड़ौती की सभी सीटों पर कांग्रेस को हराएंगे।
गौरतलब है कि तीन बार के विधायक रहे भवानी सिंह राजावत ने लाडपुरा से टिकट के लिए दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने फिर से विधायक कल्पना देवी को ही प्रत्याशी बनाया था। जिसके बाद राजावत खुलकर विरोध में आ गए थे। राजावत ने एक सभा कर कार्यकर्ताओं के बीच निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। इसके बाद नामाकंन दाखिल किया और नाम वापस भी नही लिया। नाम वापसी के दिन भी उन्हें मनाने की कोशिशें हुई थी लेकिन राजावत पीछे नहीं हटे। पार्टी ने राजावत को निलंबित कर दिया था।
मोदी की सभा से पहले बिरला ने राजावत को मनाया
