रेडिसन ग्रीन में जुटेंगे शहर के व्यवसायी, बीसीआई महा विजिटर डे में खुलेंगे नए व्यापारिक अवसर
उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) पिनेकल चैप्टर द्वारा 10 जुलाई को प्रात: 7.30 बजे रेडिसन ग्रीन, लेक सिटी मॉल अशोक नगर में महा विजिटर डे का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में शहर के उद्यमी, प्रोफेशनल्स और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यवसायी एक मंच पर जुटेंगे तथा बिजनेस नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक अवसरों पर चर्चा करेंगे।
बीसीआई पिनेकल के प्रेसिडेंट सीए अंशुल मोगरा ने बताया कि महा विजिटर डे का उद्देश्य नए उद्यमियों को बीसीआई से जोड़ना, सदस्यों के बीच मजबूत नेटवर्किंग स्थापित करना तथा बिजनेस रेफरल और नए व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रत्येक सदस्य के व्यवसाय को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
चैप्टर की सचिव शालिनी भटनागर ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में आगंतुकों के स्वागत, परिचय सत्र, बिजनेस प्रेजेंटेशन और नेटवर्किंग के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने सभी आमंत्रित अतिथियों एवं सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।
सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपांक भटनागर ने बताया कि महा विजिटर डे के माध्यम से बड़ी संख्या में नए व्यवसायियों को बीसीआई की कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रतिभागियों के लिए नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने, रेफरल बढ़ाने और अपने व्यापार के विस्तार का उत्कृष्ट अवसर साबित होगा।
