उदयपुर। ग्रीन पीपल सोसाइटी (जीपीएस) की मासिक बैठक में पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, जैव विविधता संवर्धन एवं कार्बन क्रेडिट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं के लिए तकनीकी रिपोर्ट एवं सुझाव पत्र तैयार कर संबंधित संस्थाओं को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान आईआईएम उदयपुर की एसआर रिपोर्ट-2025 पर चर्चा करते हुए शिक्षा, पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण, मत्स्य पालन, वन्यजीवों के आश्रय स्थलों के संरक्षण एवं कैंपस को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति द्वारा इन विषयों का अध्ययन कर एक तकनीकी रिपोर्ट आईआईएम उदयपुर को प्रेषित की जाएगी। साथ ही वेस्ट वाटर मैनेजमेंट, एयर क्वालिटी इंडेक्स एवं बायोडायवर्सिटी मैनेजमेंट पर सुझाव पत्र भी तैयार कर आईआईएम प्रबंधन को सौंपा जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि मई माह के अंतिम सप्ताह में जीपीएस सदस्य आईआईएफएम परिसर का फील्ड निरीक्षण कर तीन-स्तरीय वृक्षारोपण योजना का तकनीकी प्रस्ताव तैयार करेंगे। आईआईएम उदयपुर बोर्ड की स्वीकृति के बाद इस योजना पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। आईआईएफएम इंटर्न अभिजीत वर्मा ने राजसमंद जिले के ग्राम आत्मा, बनेडिया, देवकारी, लाल मादड़ी, लोडियाना, मोडी नमाना, पनौतिया एवं तसोल में कार्बन क्रेडिट पॉइंट्स संबंधी फील्ड स्टडी का पीपीटी प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने क्लेम्ड एवं ऑब्जर्व्ड डाटा का तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुतीकरण पर अगले सप्ताह जिला कलेक्टर राजसमंद कार्यालय में चर्चा प्रस्तावित है। बैठक में मेनार रामसर साइट के विकास को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग एवं वन विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे पर्यटन विकास प्लान में जीपीएस द्वारा स्थानीय ग्रामीणों में जागरूकता, जनसहयोग, प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों के संरक्षण तथा जलीय वनस्पतियों एवं तालाबों के संरक्षण संबंधी गतिविधियों को शामिल करने पर जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पिपलांत्री में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों, टैरा ब्लू कंपनी एवं जीपीएस सदस्यों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में मोरवनिया पुलिस स्टेशन परिसर को पर्यावरणीय दृष्टि से विकसित करने की पूर्व योजना पर भी चर्चा हुई। वर्षा ऋतु में व्यापक पौधारोपण कर पुलिस स्टेशन परिसर को हरित एवं वनाच्छादित बनाने की कार्ययोजना को गति देने पर सहमति बनी। बैठक में राहुल भटनागर, श्याम दवे, सुहेल मजबूर, डॉ. सतीश शर्मा, प्रताप सिंह चुंडावत, डॉ. ललित जोशी, इस्माइल दुर्गा, मोहम्मद यासीन पठान, इंद्रजीत माथुर, एस.के. वशिष्ठ एवं आईआईएफएम इंटर्न अभिजीत वर्मा उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण एवं कार्बन क्रेडिट पर बनी कार्ययोजना
