पालनहार योजना नवीनीकरण हेतु 09 से 20 दिसंबर तक चलाया जाएगा विशेष अभियान 

चित्तौड़गढ़, 8 दिसम्बर। जिले के समस्त राजकीय, गैर राजकीय विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत पालनहार योजना के लाभार्थी बच्चो को योजना का समय पर लाभ दिलवाने हेतु 09 से 20 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2022-23 के नवीनीकरण कार्य हेतु समस्त पंचायत, प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
आदेश के तहत पीईईओ (पंचायत एलिमेंट्री एजुकेशन ऑफिसर) को प्रत्येक विद्यालय में एक पालनहार प्रभारी नियुक्त करने को कहा गया है। विद्यालय के पालनहार प्रभारी यह सुनिश्चित करेंगे कि सम्बन्धित लाभार्थी ई-मित्र के माध्यम से अपना नवीनीकरण का कार्य पूर्ण कर सके। 20 दिसंबर तक पीईईओ यह सुनिश्चित् करेंगे कि उनके क्षेत्र के विद्यालय में अध्ययनरत कोई भी पालनहार नवीनीकरण से वंचित नही रहें ।
इसी प्रकार उपनिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग, चित्तौड़गढ़ को उनके अधीन संचालित आंगनवाडी केन्द्रो पर अध्ययनरत बच्चो के अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र जारी करवा कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से नवीनीकरण कार्य सुनिश्चित् करने को कहा गया है।
पालनहार लाभार्थियों को सत्र 2022 – 23 हेतु अध्ययनरत प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से जारी करने को कहा गया है। नवीनीकरण के सम्बन्ध में समुचित मार्गदर्शन हेतु जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, चित्तौड़गढ़ के कनिष्ट सहायक विकास मील को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है ।
नवीनीकरण में समस्या आने पर इनसे करें संपर्क –
नवीनीकरण हेतु ई मित्र स्तर पर कोई समस्या होने पर शिकायत निवारण हेतु विशाल मीणा पंचायत समिति चित्तौड़गढ़, बेगू, गंगरार एवं राशमी गौरव शर्मा कनिष्ट सहायक पंचायत समिति भदेसर, कपासन, डूगंला एवं भोपालसागर तथा अशोक कुमार कनिष्ट सहायक पंचायत समिति निम्बाहेड़ा, बड़ीसादड़ी एवं भैसरोड़गढ़ पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है ।
करजिया बांध जल उपयोक्ता संगम के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा

चित्तौड़गढ़, 8 दिसम्बर। गंगरार उपखण्ड क्षेत्र स्थित करजिया बांध लघु सिंचाई परियोजना की जल उपयोक्ता संगम कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। कार्यकारिणी के अध्यक्ष एवं सदस्यों के चुनाव हेतु 13 दिसम्बर को नामांकन पत्र प्राप्त किए जाएंगे एवं आवश्यक होने पर 14 दिसम्बर को मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रूपपुरा, ग्राम पंचायत लसाडिया कला में पूर्ण की जाएगी।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक अभियन्ता जल संसाधन उपखण्ड गंगरार मधु नैनावटी ने बताया कि राजस्थान सिंचाई प्रणाली के प्रबन्धन में कृषकों की सहभागिता अधिनियम 2000 व नियम 2002 के अन्तर्गत जल उपयोक्ता संगम कार्यकारणी का गठन किया जा रहा है।
सिलिकोसिस पर श्रम विभाग की बैठक 16 को

चित्तौड़गढ़, 8 दिसम्बर। सिलिकोसिस रोग की रोकथाम, बचाव एवं नियंत्रण के लिए जिले के विभिन्न श्रमिक संगठनों, औद्योगिक संस्थानों, मार्बल प्रतिष्ठानों के साथ श्रम विभाग की बैठक 16 दिसम्बर को सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। श्रम विभाग कार्यालय में होने वाली इस बैठक में सिलिकोसिस सम्भावित
क्षेत्रों एवं पीड़ित श्रमिकों में सिलिकोसिस नीति के प्रति जागरुकता लाने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मुर्गीपालन का प्रशिक्षण

नाबार्ड के डीडीएम ने किया निरीक्षण
चितौड़गढ़, 8 दिसम्बर। राष्ट्रीय कृषि व ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के जिला विकास प्रबंधक महेन्द्र डूडी ने निम्बाहेड़ा खण्ड के ग्राम मौठा में नाबार्ड के सहयोग से महिलाओ के लिए चलाए जा रहे मुर्गीपालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरिक्षण किया। उन्होंने महिलाओं से मुर्गीपालन को एक रोजगार के रूप में अपनाने का आह्वान किया। सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
अरूणोदय सर्वेश्वरी लोककल्याण समिति द्वारा आयोजित 10 दिवसीय मुर्गीपालन प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की 30 महिलाओं को 1 दिसम्बर से मुर्गीपालन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां उन्हें मुर्गीपालन की विस्तृत रूप से जानकारी दी जा रही है, जिससे वे इसे रोजगार के रूप में अपनाकर लाभ प्राप्त कर सके। कार्यक्रम मे अरूणोदय सर्वेश्वरी लोककल्याण समिति के परियोजना अधिकारी जीतेन्द्र कसेरा, सोशल मोबिलाइजर रेखा जाटव, पशुपालन विभाग के मुर्गीपालन प्रशिक्षक डॉ सुनिल कुमार जोशी, पोलट्री फार्म संचालक यश आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी अजय साक्य ने किया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!