उदयपुर, 14 अप्रैल 2026। अम्बेडकर जयंती के अवसर पर सामुदायिक एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय , महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एक प्रेरणादायक एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डीन डॉ. धृति सोलंकी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अम्बेडकर के विचार आज भी समाज को दिशा प्रदान करते हैं और विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपनाकर एक जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने मिलकर डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात सभी उपस्थित जनों द्वारा भारतीय संविधान का सामूहिक वाचन किया गया, जिससे विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़े। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की शपथ भी ली, जिसमें उन्होंने समानता, न्याय और बंधुत्व के सिद्धांतों का पालन करने का संकल्प लिया। डॉ सुमित्रा मीणा ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला l कार्यक्रम का सफल संचालन एडीएसडब्ल्यू डॉ. रूपल बाबेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
