भारतीय संविधान के सिंधी संस्करण का हुआ विमोचन उदयपुर के विजय आहूजा और मुकेश खिलवानी ने राष्ट्रीय पटल पर बढ़ाया मेवाड़ का मान; केंद्रीय मंत्रियों के साथ हुए सम्मिलित
उदयपुर। 10 अप्रैल 2026 आज ‘सिंधी भाषा दिवस’ के अवसर पर भारत के संवैधानिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया। नई दिल्ली स्थित उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने भारतीय संविधान के सिंधी भाषा संस्करण (देवनागरी एवं फारसी लिपि) का विधिवत विमोचन किया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर उदयपुर सिंधी सेंट्रल युवा संगठन के अध्यक्ष श्री विजय आहूजा और महासचिव श्री मुकेश खिलवानी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत कर उदयपुर और संपूर्ण राजस्थान के सिंधी समाज का गौरव बढ़ाया।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ विमोचन
समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी और इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति महोदय ने संविधान के अनुवाद कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अपनी मातृभाषा में संविधान को पढ़ना हर नागरिक का अधिकार है और सिंधी भाषा में यह अनुवाद भाषाई विरासत को संरक्षित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा, विमोचन समारोह के दौरान उदयपुर सिंधी सेंट्रल युवा संगठन के अध्यक्ष विजय आहूजा और महासचिव मुकेश खिलवानी को इस राष्ट्रीय आयोजन का हिस्सा बनने का गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ उदयपुर के सिंधी समाज की सक्रियता और भाषाई जागरूकता पर चर्चा की।
विजय आहूजा और मुकेश खिलवानी ने इस अवसर पर कहा:
”आज का दिन हमारे जीवन का सबसे स्मरणीय दिन है। उपराष्ट्रपति भवन में अपनी मातृभाषा सिंधी में देश के सर्वोच्च ग्रंथ ‘संविधान’ का विमोचन होते देखना एक भावनात्मक और गर्व भरा अनुभव है। यह सिंधी भाषा की मान्यता और सम्मान की जीत है।”
विकसित भारत @2047 के संकल्प की ओर कदम
विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘विकसित भारत @2047’ के विजन के तहत कानून और संविधान को आम जनमानस तक उनकी अपनी भाषा में पहुंचाना है। राजभाषा खंड द्वारा तैयार यह संस्करण अब सिंधी भाषी समाज के लिए उपलब्ध होगा, जिससे युवा पीढ़ी अपनी जड़ों और देश के कानून से जुड़ सकेगी।
देवनानी और मेघवाल का जताया आभार
उदयपुर की टीम ने इस विशेष निमंत्रण और सम्मान के लिए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव जी देवनानी और केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवनानी साहब के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के प्रयासों से ही सिंधी समाज को आज यह गौरवमयी वैश्विक मंच प्राप्त हुआ है।
