बच्चों के मानसिक विकास पर रहेगा मुख्य जोर
उदयपुर, 9 अप्रैल। राजस्थान सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में अष्टम पोषण पखवाड़ा का आगाज़ गुरूवार से हुआ। यह विशेष अभियान 23 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। उदयपुर में अभियान का शुभारंभ जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने पोस्टर विमोचन करके किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक नंदलाल मेघवाल ने बताया कि इस बार पोषण पखवाड़े की थीम जीवन के प्रथम 6 वर्षों में अधिकतम मस्तिष्क विकास रखी गई है। इस अभियान के तहत भारत सरकार द्वारा निर्धारित पांच प्रमुख बिंदुओं पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें मातृ एवं शिशु पोषण, 0-3 वर्ष के बच्चों के मस्तिष्क विकास हेतु प्रारंभिक प्रोत्साहन, 3-6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल-आधारित शिक्षा, स्क्रीन टाइम कम करने में माता-पिता और समुदाय की भूमिका तथा सक्षम आंगनवाड़ियों के लिए सामुदायिक समर्थन शामिल हैं।
अभियान के शुरुआती कार्यक्रम में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक नन्दलाल मेघवाल और राष्ट्रीय पोषण मिशन के जिला समन्वयक कपिल गौतम ने थीम आधारित पोस्टर का विमोचन कर पखवाड़े का शुभारंभ किया। पखवाड़े के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन सभी गतिविधियों की प्रविष्टि वास्तविक समय में जन आंदोलन डैशबोर्ड पर की जाएगी ताकि अभियान की पहुंच और प्रभाव का आंकलन किया जा सके।
सतर्कता समिति की बैठक 16 को
उदयपुर, 9 अप्रैल। जिला जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक 16 अप्रैल गुरुवार को सुबह 10.30 बजे जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट परिसर स्थित राजस्थान संपर्क आईटी केंद्र में आयोजित होगी। प्रभारी अधिकारी एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा ने बताया कि बैठक में समिति में पंजीकृत प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निस्तारित किए जाएंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय पर भिजवाने तथा अपेक्षित सूचनाओं के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
