110 लाभार्थियों को मिले सहायक साधन
उदयपुर, 27 मार्च। राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुपालन में कोटड़ा उपखंड मुख्यालय पर दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ एक भव्य उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जिला प्रशासन और भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर के माध्यम से 110 दिव्यांगजनों को लाभान्वित कर उनके जीवन को सुगम बनाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी कपिल कोठारी रहे। अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने की। विशिष्ट अतिथियों में निवर्तमान प्रधान श्रीमती सुगना देवी, विकास अधिकारी शंभूराम गरासिया, समाजसेवी रणजीत सिंह, हिम्मत तावड़ और सुरेश खेर उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगता की जांच के बाद आवश्यकतानुसार ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (हियरिंग एड), स्मार्ट केन, कैलीपर और बैसाखी आदि का वितरण किया गया। एसडीओ कपिल कोठारी ने दिव्यांगजनों को संबोधित करते हुए यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड बनवाने पर जोर दिया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रवीण पानेरी ने मंच संचालन करते हुए विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की ओर से दीपक मेहता, राजेंद्र सेन, भंवर कंवर और अर्जुन सोनी की टीम ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में कनिष्ठ लेखाकार प्रेमशंकर मेघवाल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत संस्थाओं एवं छात्रों के लिए तिथि 30 अप्रैल 2026 तक बढ़ाई
उदयपुर, 27 मार्च। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिये उत्तर मैट्रिक छात्रवृति योजनान्तर्गत शिक्षण संस्थाओं के लिये पोर्टल पुनः शुरू किया है। इससे पूर्व उत्तर मैट्रिक छात्रवृति योजना से संबंधित शिक्षण संस्थाओं के लिए छात्रवृति पोर्टल पर पंजीयन/नवीनीकरण, कोर्स मैपिंग, मान्यता पाठ्यक्रमवार फीस स्ट्रक्चर आदि सूचनाएं अपडेट करने के लिये पोर्टल पर व्यवस्था शुरू कर दी गई थी। समस्त शिक्षण संस्थाओं को सूचित किया जाता है कि वह अपने शिक्षण संस्था से संबंधित सूचनायें एवं दस्तावेजों की निर्धारित स्थान एवं निर्देशानुसार पूर्ति करना सुनिश्चित करें। सूचना सबमिट करने से पूर्व विशेष रूप से जांच लें कि सभी सूचना पूर्ण एवं सही भरी जावें। आवश्यक दस्तावेज एवं फीस की सूचना भी सही रूप में दर्ज करें ताकि बाद में कठिनाई नहीं आवें। उक्त सूचना अद्यत्तन का कार्य 30 अप्रैल 2026 तक किया जा सकेगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की स्कॉलरशिप योजना में छात्रों द्वारा आवेदन की तिथि भी 30 अप्रैल 2026 तक बढ़ा दी है। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, विशेष समूह योजना (पूर्व में विशेष पिछड़ा वर्ग), अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग, विमुक्त सहित अन्य छात्रवृति योजनाओं में आवेदन कर सकेंगे। संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के छात्रवृति के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि पहले 31 मार्च 2026 तक बढाई थी, अब विद्यार्थी 30 अप्रैल 2026 तक एसएसओ पोर्टल पर ऑनलाइन छात्रवृति आवेदन कर सकेंगे। साथ ही संस्था द्वारा भी अपनी सूचनायें पोर्टल पर 30 अप्रैल 2026 तक अद्यतन की जा सकेगी।
जलापूर्ति बाधित रहेगी
उदयपुर, 27 मार्च। शहरी जल योजना नगर उपखण्ड पंचम में शनिवार को मानसी वाकल परियोजना झाडोल पर 132 केवी जीएसएस के मरम्मत से शटडाउन होने के कारण जलापूर्ति बाधित रहेगी।
सहायक अभियंता राजसिंह मनात ने बताया कि शट डाउन होने की वजह से शनिवार को दोपहर कोर्ट टंकी एवं छीपा कॉलोनी टंकी से होने वाली जलापूर्ति एवं रविवार को प्रातः छिपा कॉलोनी, कोर्ट टंकी, एकलव्य कॉलोनी, सज्जन नगर एवं अशोक नगर से होने वाली जलापूर्ति बाधित रहेगी।
कलक्टर के अनुमोदन बिना नहीं होगी प्रतिनियुक्ति
उदयपुर, 27 मार्च। कार्यालय जिला कलक्टर के विभिन्न अनुभागों एवं कार्यालयों में बिना जिला कलक्टर के अनुमोदन के किसी भी कार्मिक की प्रतिनियुक्ति नहीं हो सकेगी। जिला कलक्टर नमित मेहता ने इस आशय के आदेश जारी किए। जारी आदेशों में बताया कि कार्यालय के अधीन अनुभागों/ कार्यालयों में (उपखण्ड एवं तहसील कार्यालयों) जिला कलक्टर से अनुमोदन प्राप्त किए बिना ही अन्य विभागों के कर्मियों को प्रतिनियुक्ति/कार्यव्यवस्थार्थ रूप से लगाया जाना उचित नहीं है। भविष्य में अन्य विभागों के कर्मियों को प्रतिनियुक्ति/कार्यव्यवस्थार्थ रूप से लगाए जाने हेतु प्रस्ताव जिला कार्यालय को प्रेषित किए जाए। प्रतिनियुक्ति आदेश जिला कार्यालय से ही जारी किए जाएंगे। निर्देशों की पालना नहीं किए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जाएगी।
31 मार्च तक जमा कराएं ऋण राशि
उदयपुर, 27 मार्च। उदयपुर केंद्रीय सहकारी बैंक के जिला उदयपुर, सलुम्बर, राजसमंद एवं प्रतापगढ़ (धरियावद) के व्यवस्थापकों द्वारा माह मार्च 2026 से ही लगातार कार्य बहिष्कार के चलते किसान के ऋण वितरण एवं वसूली का कार्य बाधित हो गया है। किसानों पर ब्याज मुक्त फसली ऋण पर अवधिपार ब्याज का अनावश्यक भार नही पडे इस हेतु सभी ऋणी किसानों से आग्रह है कि वे 31 मार्च 2026 तक उदयपुर केंद्रीय सहकारी बैंक की निकटवर्ती शाखा में ऋण अदायगी नकद में जमा करवाकर राज्य सरकार की ब्याज रहित फसली ऋण वितरण योजना का लाभ उठावें।
