राष्ट्रीय योग शिविर में हुई प्रस्तुतियां
उदयपुर, 25 मार्च। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय सभागार में योगसिद्ध बालक-बालिकाओं ने योगनृत्य प्रस्तुत कर विभिन्न योगासनों का अद्भुत प्रदर्शन किया। अवसर था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय आसान व योग नैपुण्य वर्ग की सांस्कृतिक संध्या का।
तमिलनाडु प्रांत के सह शारीरिक शिक्षण कार्य प्रमुख व अखिल भारतीय आसन विषय प्रमुख सुब्रमण्यम, विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो शिवसिंह सारंगदेवोत, राजस्थान क्षेत्र के प्रचारक प्रमुख श्रीवर्द्धन व अखिल भारतीय योग विषय प्रमुख प्रभात आमेटा ने माँ भारती व माँ शारदा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उमेश श्रीमाली ने उपरणा धारण करा अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थी बालक-बालिकाओं ने योगेश्वर श्रीकृष्ण की स्तुति पर आधारित भरतनाट्यम नृत्य, आदियोगी शिव, नाथ परंपरा के गुरुओं व भारतीय संस्कृति से जुड़े हुए गीतों के साथ योगनृत्यों की प्रस्तुतियाँ दीं। इसके साथ ही योग साहित्य में वर्णित शोधन कर्म का भी प्रदर्शन हुआ। तरुणा वैष्णव, कार्तिक जयसवाल, मान्या शर्मा, योगिता स्वर्णकार, श्रुति दवे, गुणवंत सिंह, चिराग परमार, शिवराज आचार्य, जसवीना सनाल, जसवंत ने प्रस्तुतियाँ दी। सभी प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा उपरणा धारण करा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर पुरस्कृत किया गया। मंच संचालन पुष्पदीप ने किया।
