उदयपुर, 23 मार्च। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने सोमवार को तहसील कार्यालय गिर्वा एवं पंचायत समिति कार्यालय गिर्वा का वार्षिक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, जनसुनवाई व्यवस्था एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।
तहसील कार्यालय में कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, भूमि विवाद एवं अन्य राजस्व प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए तथा आमजन को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और डिजिटल रिकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद कलेक्टर पंचायत समिति कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य ग्रामीण विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे और कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति, रिकॉर्ड प्रबंधन एवं जन सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्य में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम गिर्वा अवुला साईकृष्ण, तहसीलदार श्याम सिंह चरण, बीडीओ अजीत कुमार मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
