क्रिकेट अकादमी के माध्यम से तैयार होंगे देश के भविष्य के सितारे – प्रो. सारंगदेवोत
उदयपुर 23 मार्च / राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के प्रतापनगर स्थित महाराणा प्रताप खेल मैदान पर सोमवार को खेल और शिक्षा के संगम का एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बीएसए क्रिकेट अकादमी का भव्य उद्घाटन कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत, कुलाधिपति कुल प्रमुख भंवर लाल गुर्जर, विश्वास संस्थान के निदेशक शेखर कुमार, यदुराज सिंह कृष्णावत, पूर्व रणजी खिलाडी चन्द्रपाल सिंह ने पंडित महेश आचार्य के मंत्रोच्चार के साथ पुजा अर्चना कर फीता काट कर किया।
इस अवसर पर प्रो. सारंगदेवोत ने कहा कि क्रिकेट राजा महाराजाओं का खेल हुआ करता था लेकिन आज यह खेल खेलों का राजा है। शिक्षा के साथ-साथ खेलों का समावेश ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को पूर्ण बनाता है। उन्होंने कहा आज का यह दिन केवल एक अकादमी के उद्घाटन का नहीं, बल्कि युवा सपनों को उड़ान देने का है। यह क्रिकेट अकादमी न केवल खिलाड़ियों को तकनीकी दक्षता प्रदान करेगी, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना जैसे जीवन मूल्यों को भी विकसित करेगी। विश्वविद्यालय में आने वाले सामय में अन्य खेलों की अकादमियों की स्थापना भी की जाएगी। किसी भी राष्ट्र की उंचाई खेलों से आकी जाती है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना भी है। इस अकादमी के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक पिच, फिटनेस सुविधाएं और अनुभवी कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर ने इस पहल को “खेल संस्कृति के पुनर्जागरण” की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि करियर निर्माण और राष्ट्र गौरव का सशक्त जरिया बन चुका है।
पूर्व रणजी खिलाडी एवं राजस्थान अंडर 23 के कोच चन्द्रपाल सिंह ने अकादमी की जानकारी देते हुए बताया कि प्रोफेशनल क्रिकेट पिच, अत्याधुनिक ट्रेनिंग उपकरण, फिटनेस सेंटर और नियमित टूर्नामेंट आयोजन कर विश्व स्तर के खिलाडी तैयार किए जायेगें।
इस मौके पर प्रो. युवराज सिंह राठौड, करण सिंह, यशवंत पालीवाल सहित बड़ी संख्याॅ में शिक्षाविद् शहर के गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी एवं खिलाड़ियों ने शिरकत की।
