हाईवे पर चलते ट्रेलर में लगी आग

—अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूदकर सड़क पर दूसरी तरफ चला गया
उदयपुर। गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर में अचानक आग लग गई। ड्राइवर चलते ट्रेलर से नीचे कूद गया। जिसके बाद ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर को कूदकर दूसरी तरफ चला गया। आग पर करीब एक घंटे में काबू पाया गया। घटना गोगुंदा इलाके में भव्या पैलेस के ठीक सामने की है।
बताया जा रहा है कि ट्रेलर गोगुंदा से उदयपुर की तरफ जा रहा था। अचानक ट्रेलर के इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में ट्रेलर धू-धू कर जलने लगा और दूर तक काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया।
गनीमत यह रही कि ट्रेलर ड्राइवर ने समय रहते सूझबूझ दिखाई, जिससे उसकी जान बच गई। अगर ड्राइवर कुछ देर करता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
एक घंटे में पाया आग पर काबू
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बड़गांव थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं उदयपुर से पहुंची फायर बिग्रेड गाड़ी से करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई
वहीं हाईवे पर जलते ट्रेलर को अपनी ओर आता देख दूसरी तरफ से आ रहे वाहन चालकों के हाथ-पांव फूल गए। वहां मौजूद लोग और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी गाड़ियां सड़क पर ही छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। गनीमत रही कि सामने से कोई दूसरा वाहन ट्रेलर की चपेट में नहीं आया, वरना किसी की जान जा सकती थी।
चलते ट्रेलर से कूद गया ड्राइवर
बड़गांव थाना पुलिस के अनुसार उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर दोपहर करीब डेढ़ बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद ड्राइवर ने चलते ट्रेलर से छलांग लगा दी। जिससे ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर कूदकर दूसरी तरफ चला गया। लोगों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। उदयपुर से पहुंची दमकल की गाड़ी ने एक घंटे में आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!