– आईसीएआई उदयपुर शाखा में महिला सदस्यों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन
– 100 से अधिक महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने लिया कार्यक्रम में भाग
उदयपुर, 14 मार्च । सेक्टर 14 स्थित द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की उदयपुर शाखा की ओर से शनिवार को महिला सदस्यों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयपुर चेतना भाटी तथा मुख्य वक्ता के रूप में जोधपुर से सीएस रुपाली बोहरा उपस्थित रहीं।
उदयपुर शाखा अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि महिला शक्ति समाज और पेशे दोनों की प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि आज चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में भी महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं तथा आईसीएआई उदयपुर शाखा सदैव महिला सदस्यों को प्रोत्साहित करने एवं उनके विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
मुख्य अतिथि चेतना भाटी ने अपने संबोधन में चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि आज बड़ी संख्या में महिलाएं इस प्रतिष्ठित पेशे में आगे आ रही हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने उपस्थित महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के उत्साह और उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सशक्त बनने का संदेश दिया।
मुख्य वक्ता सीएस रुपाली बोहरा ने “अपने भीतर की देवी को पहचानें ” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं को अपनी आंतरिक शक्ति, आत्मविश्वास और क्षमता को पहचानने का संदेश दिया तथा जीवन एवं पेशे में संतुलन बनाते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर लगभग 100 महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समन्वयन सीए प्रतिभा जैन, सीए राधिका पोखरणा एवं सीए प्रीति नाहर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में शाखा उपाध्यक्ष सीए सौरभ गोलछा, कोषाध्यक्ष सीए कपिल जोशी, सिकासा अध्यक्ष सीए धर्मेन्द्र सिंह कोठारी, तथा प्रबंध समिति सदस्य सीए राहुल माहेश्वरी एवं सीए अंशुल कटेजा सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
अंत में शाखा सचिव सीए अरुणा गेलड़ा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है : चेतना भाटी
