डीपीएस, उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आर्यन का जापान से उदयपुर आने पर विद्यालय में भव्य स्वागत

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर के 17 वर्षीय होनहार व प्रतिभावान अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी आर्यन शर्मा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम फहराकर आज विमान द्वारा उदयपुर लौटे, तब हवाई अड्डे पर विद्यालय के प्राचार्य संजय नरवरिया, उपप्राचार्य राजेश धाभाई, शिक्षको , छात्रों तथा कुछ साथी मित्रों ने उसके आगमन पर भव्य स्वागत किया। तत्पश्चात उसे विद्यालय परिसर लाया गया, जहाँ ढोल-नगाड़ों के साथ माल्यार्पण कर उसका स्वागत व अभिनंदन किया गया। आर्यन ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम कर संस्था का नाम विश्व मंच पर गौरव से ऊँचा किया है।
विद्यालय के सभागार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें उसने पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए अपनी खेल यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर आने वाली चुनौतियों तथा उपलब्धियों के विषय में बताया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने अभिभावकों तथा विद्यालय प्रबंधन को दिया, जिनके सतत सहयोग, प्रेरणा तथा मार्गदर्शन से यह संभव हो पाया।
आर्यन ने हाल ही में तुर्की के मर्सिन में आयोजित वर्ल्ड एबिलिटी स्पोर्ट यूथ गेम्स – 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल में स्वर्ण पदक, पुरुष युगल में स्वर्ण पदक और मिश्रित युगल में एक रजत पदक जीतकर देश को गौरव प्रदान किया है।
प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आर्यन का बैडमिंटन के प्रति लगाव बाल्यकाल से ही है और उसने इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्राजील में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड सर्किट ब्राजील पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल – 2026 में स्वर्ण पदक तथा राष्ट्रीय स्तर पर हैदराबाद में आयोजित सातवीं पैरा सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चौंपियनशिप में स्वर्ण पदक तथा जूनियर एंड यूथ नेशनल पैरा बैडमिंटन चौंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक, एक रजत पदक तथा एक कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।
प्राचार्य संजय नरवरिया ने बताया कि देश का गौरव बढ़ाने वाले आर्यन अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के दम पर अब ओलंपिक में अपनी प्रतिभा का परचम फहराने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अब आर्यन का लक्ष्य भारत के लिए खेलना, भारत के लिए जीतना और लॉस एंजेलिस पैरालंपिक – 2028 में पदक जीत कर देश का मान ऊँचा करना है।
इस अवसर पर प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल, प्राचार्य संजय नरवरिया तथा उपप्राचार्य राजेश धाभाई एवं समस्त शिक्षकों ने खिलाड़ी को और उसके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएॅ दी हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!