जिला स्तरीय पंच गौरव मेला व प्रदर्शनी 5 व 6 मार्च को

उदयपुर, 26 फरवरी। प्रत्येक जिले की विरासत और पारिस्थितिकी के संवर्धन के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रारंभ किए गए पंच गौरव कार्यक्रम के तहत उदयपुर जिला प्रशासन की ओर से नवाचार किया जा रहा है। ब्लॉक स्तर पर पंच गौरव मेलों व प्रदर्शनी के बाद अब अगली कड़ी में आगामी 5 एवं 6 मार्च को विश्व प्रसिद्ध फतहसागर झील की पाल पर जिला स्तरीय पंच गौरव मेला और प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

पंच गौरव कार्यक्रम क्रियान्वयन समन्वयक एवं जिला कलक्टर नमित मेहता ने जिला स्तरीय मेले एवं प्रदर्शनी के लिए सभी संबंधित विभागों को दायित्व सौंपते हुए आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। सदस्य सचिव पुनीत शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान एक जिला एक उत्पाद- मार्बल एवं ग्रेनाईट,एक उपज – सीताफल,एक वनस्पति प्रजाति – महुआ, एक खेल – तैराकी तथा पर्यटन स्थल – फतहसागर एवं पिछोला से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। मेले और प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। फतहसागर की पाल टाया पैलेस के समीप 15 स्टॉल लगाई जाएंगी, जिनमें संबंधित विभागों द्वारा पंच गौरव की संपूर्ण प्रचार-प्रसार सामग्री, उत्पाद और मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा स्टोन मार्ट के लिए 5 स्टॉल का भी आयोजन किया जाएगा।

यह भी होंगी गतिविधियां
जिला स्तरीय मेले के दौरान पंच गौरव साक्षरता क्लब द्वारा पंच गौरव थीम पर पोस्टर मेकिंग, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 6 मार्च को वॉकाथोन,  कयाकिंग-केनोईंग का आयोजन किया जाएगा। वहीं मेले में फ़ूड कोर्ट का भी संचालन किया जाएगा।

पंजाब के राज्यपाल श्री कटारिया 1 मार्च से उदयपुर प्रवास पर
उदयपुर, 26 फरवरी। पंजाब के राज्यपाल एवं चण्डीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाबचंद कटारिया 1 मार्च से उदयपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। श्री कटारिया 1 मार्च 2026 को शाम 6.35 बजे विमान से डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके पश्चात सड़क मार्ग द्वारा निज आवास आएंगे। श्री कटारिया 1 से 5 मार्च तक उदयपुर में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 6 मार्च को सुबह 7.30 बजे विमान से चण्डीगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे।

विधिक चेतना शिविर एवं दिव्यांगजन पुरस्कार समारोह कार्यक्रम आयोजित
उदयपुर, 26 फरवरी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वाधान में विधिक चेतना शिविर एवं दिव्यांगजन पुरस्कार एवं उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को मधुबन स्थित विभागीय महाविद्यालय स्तरीय कन्या छात्रावास में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एडीजे कुलदीप शर्मा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग गिरीश भटनागर ने की। कार्यक्रम के आरम्भ में जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा सभी का स्वागत किया गया। संयुक्त निदेशक, गिरीश भटनागर द्वारा विभाग के दिव्यांग कल्याण, सामाजिक विकास की योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
एडीजे कुलदीप शर्मा ने विधिक सहायता के विभिन्न पहलुओं एवं संचालित योजनाओं की जानकारी प्रदान कर कॉलेज स्तरीय छात्राओं को जनचेतना हेतु प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में दिव्यांगजन को कान की मशीन, ब्लाईंड स्टीक का वितरण किया गया। इस अवसर पर मानसिक विमंदित बच्चों को टीएलएम किट भी वितरीत किये गये। विगत सप्ताह दिव्यांगजन फेस्टीवल में चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार प्रदान किये गये। समस्त दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पेंसिल बॉक्स का वितरण भी किया गया। अंत में धन्यवाद सुभाष गुर्जर द्वारा ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम में प्रज्ञा चक्षु विद्यालय, नारायण सेवा संस्थान, थियोसोफिकल सोसायटी के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संतोष मेनारिया, स्नेहा चौधरी, किरण कुंवर चुण्डावत सहित संस्था प्रतिनिधियों का सहयोग सराहनीय रहा।

केन्द्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान शुक्रवार को उदयपुर आएंगे
उदयपुर, 26 फरवरी। केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान शुक्रवार को 3ः15 बजे वायुयान द्वारा दिल्ली से उदयपुर आएंगे। वे उदयपुर में स्थानीय कार्यक्रम मे हिस्सा लेंगे। श्री पासवान शुक्रवार सांय 7ः45 बजे वायुयान द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!