राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक
उदयपुर में 20 पंचायत समितियों में कुल 13 लाख 83 हजार 178 मतदाता चुनेंगे अपने प्रतिनिधि
उदयपुर, 25 फरवरी। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायतीराज संस्थाओं की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राठौड़ ने अवगत कराया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2025 के संदर्भ में 31 दिसम्बर 2025 को मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 घोषित किया गया है। इसके तहत 29 जनवरी 2026 को मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया गया। उस दौरान जिले में कुल 13 लाख 73 हजार 752 मतदाता थे। प्रारूप प्रकाशन के बाद प्रपत्र 1 से 3 में दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई। 29 जनवरी से 16 फरवरी तक प्राप्त आवेदनों के निस्तारण उपरान्त बुधवार को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया। अब उदयपुर जिले में 20 पंचायत समितियों में कुल 13 लाख 83 हजार 178 मतदाता हैं। इस प्रकार कुल 9 हजार 426 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। बैठक में भारतीय जनता पार्टी से मनीष शर्मा, दीपक शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से महेंद्र डामोर, बहुजन समाज पार्टी से सुरेशकुमार मेघवाल, शिवकुमार गौतम, जगदीश बाबरिया, भारतीय आदिवासी पार्टी अमित खराड़ी उपस्थित रहे।
पंचायत समिति वार मतदाता
जिले में पंचायत समिति संस्थाओं में अब कुल 13 लाख 83 हजार 178 मतदाता हैं, इनमें से 7 लाख 5 हजार 667 पुरूष, 6 लाख 77 हजार 506 महिलाएं तथा 5 ट्रांस जेण्डर मतदाता हैं। बड़गांव में कुल 77 हजार 125, भीण्डर में 97 हजार 781, देवला में 44 हजार 150, घासा में 85 हजार 61, गिर्वा में 65 हजार 144, गोगुन्दा में 89 हजार 369, झाडोल में 71 हजार 250 मतदाता हैं। इसी प्रकार कल्याणपुर में 35 हजार 236, खेरवाड़ा में 84 हजार 148, कोटड़ा में 69 हजार 30, कुराबड़ में 70 हजार 188, मावली में 94 हजार 512, नाई में 46 हजार 997, नयागांव में 70 हजार 218, ओगणा में 41 हजार 851, फलासिया में 72 हजार 835, ऋषभदेव में 66 हजार 459, सायरा में 78 हजार 483, सुलेव में 37 हजार 59 तथा वल्लभनगर में 86 हजार 282 मतदाता हैं।
