उदयपुर, 24 फरवरी। होली सहित आगामी विभिन्न धार्मिक पर्वों और जुलूसों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिला मजिस्ट्रेट नमित मेहता ने आदेश जारी कर 3 मार्च से 26 मार्च तक विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के मद्देनजर कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार 3 मार्च को होली दहन, 4 मार्च को धुलंडी, 20 मार्च को जुमातुलविदा एवं चेतीचंड पर निकलने वाले जुलूस, 21 मार्च को ईदुलफितर (चांद से) तथा 26 मार्च को रामनवमी पर्व को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
आदेश में बताया गया कि तहसीलदार गिर्वा श्री श्याम सिंह चारण को पुलिस उप अधीक्षक नगर पूर्व के साथ गोवर्धन विलास, नाई, सवीना, हिरणमगरी क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार तहसीलदार बड़गांव श्री हितेश त्रिवेदी को पुलिस उप अधीक्षक पश्चिम के साथ मादलपुरा, बड़गांव, सुखेर एवं अंबामाता थाना क्षेत्रों में नियुक्त किया गया है।
तहसीलदार उदयपुर विकास प्राधिकरण श्री अभिनव शर्मा को पुलिस उप अधीक्षक गिर्वा के साथ हाथीपोल, सूरजपोल, प्रतापनगर, घंटाघर और धानमंडी क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा उपखंड मजिस्ट्रेट गिर्वा, बड़गांव, गोगुंदा, झाड़ोल, कोटड़ा, ऋषभदेव, मावली, वल्लभनगर, भींडर, नयागांव एवं खेरवाड़ा को अपने-अपने उपखंड क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा होलिका दहन एवं धुलंडी पर्व के मद्देनजर यूडीए तहसीलदार रणजीत सिंह को जगदीश चौक तथा गिर्वा उपखंड कार्यालय के तहसीलदार जब्बर दान चारण को सुभाष चौराहा मल्ला तलाई क्षेत्र के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट ने सभी नियुक्त अधिकारियों को अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (नगर) उदयपुर से सतत संपर्क में रहने, महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकतानुसार उपलब्ध संसाधनों और वाहनों का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने आमजन से पर्वों को आपसी सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
