उदयपुर में मकर संक्रांति पर विराट उत्तरायण अर्घ्यमहापर्व का आयोजन 14 को

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। शहर के गोवर्धन सागर स्थित पन्नाधाय पार्क में 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर विराट उत्तरायण अर्घ्यमहापर्व का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में 500 से अधिक महिला-पुरुष भाग लेंगे, जो प्रातः 101 सूर्य नमस्कार के साथ सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

आयोजन को लेकर वाकल माता चौराहा स्थित होटल आरआरआर ढाबे पर पोस्टर का विमोचन एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संयोजक सूत्रधार पंकज सुखवाल, शिक्षाविद डॉ प्रदीप कुमावत, ज्योतिषाचार्य विनोद बिहारी याज्ञिक, योगाचार्य अनिता पालीवाल सहित अन्य वक्ताओं ने आयोजन की जानकारी दी।

संयोजक सूत्रधार पंकज सुखवाल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः सूर्य के समक्ष सूर्य नमस्कार से होगी। इसके पश्चात सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा तथा पताका रोहण किया जाएगा। एक दिवसीय कार्यक्रम को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। डॉ प्रदीप कुमावत ने कहा कि सूर्य का उत्तरायण पर्व सनातन परंपरा में विशेष महत्व रखता है। सूर्य को अर्घ्य देने से हृदय के सूर्य चक्र को ऊर्जा मिलती है, जिससे जीवन में सकारात्मकता और खुशहाली का संचार होता है। मकर संक्रांति को वृहद रूप में मनाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।

योगाचार्य अनिता पालीवाल ने जानकारी दी कि सुबह 7 से 8 बजे तक 108 सूर्य नमस्कार कराए जाएंगे। इसके साथ ही योगाभ्यास एवं शारीरिक व्यायाम भी कराया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्तिक नलवाया, मधु मेनारिया, सुमन मेहता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में अखिल भारतीय ब्राह्मण परिषद, पंकज सुखवाल मित्र मंडल, हिन्दू रक्षक वाहिनी एवं अखिल भारतीय नव वर्ष समारोह समिति का सहयोग रहेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!