अलसुबह चला एरिया डोमिनेंस अभियान, 710 जगहों पर दबिश

—पुलिस की 102 टीमों ने जिलेभर में दबोचे 259 बदमाश
उदयपुर, 18 दिसंबर : जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के उद्देश्य से उदयपुर पुलिस ने गुरुवार तड़के विशेष एरिया डोमिनेंस अभियान चलाया। इस मेगा ऑपरेशन के तहत जिले के सभी पुलिस थानों की टीमें एक साथ मैदान में उतरीं और 710 से अधिक स्थानों पर दबिश देकर 259 अपराधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया।

जिले के सभी वृत्ताधिकारियों और सायरा, धानमंडी, सूरजपोल, हिरणमगरी, गोवर्धन विलास, अंबामाता, प्रतापनगर सहित सभी थानों के थानाधिकारियों के नेतृत्व में 102 से अधिक पुलिस टीमों का गठन किया गया। अभियान में 446 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। तड़के की गई इस संयुक्त कार्रवाई में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में वांछित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 46 स्थायी वारंटी, सामान्य प्रकरणों में वांछित 9 आरोपी और 2 इनामी बदमाश भी पुलिस के हत्थे चढ़े।

निरोधात्मक कार्रवाई के तहत नवीन कानूनी प्रावधानों में 180 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, माइनर एक्ट के अंतर्गत 13 प्रकरण दर्ज कर 13 आरोपियों को पकड़ा गया। आबकारी अधिनियम में 2 प्रकरणों में 2 आरोपी, एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 4 आरोपी और आर्म्स एक्ट के एक प्रकरण में कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त 50 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर दबिश देकर उनसे पूछताछ की गई।

गिरफ्तार इनामी आरोपियों में सायरा थाना क्षेत्र का डकैती का इनामी कल्ला गमेती और एनडीपीएस केस में वांछित मनोहर उर्फ मनोज शामिल हैं। एसपी योगेश गोयल ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी और आमजन से अपराध की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!