संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की हिदायत
उदयपुर, 18 नवम्बर। विभिन्न विभागों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक मंगलवार को कलक्ट्रेट मिनी सभागार में जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन एवं एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई। इसमें संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों सहित बजट घोषणाओं एवं योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम श्री राठौड़ ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की निस्तारण के औसत समय, शिकायत कर्ता की संतुष्टि आदि पैरामीटर्स के आधार पर विभागवार समीक्षा की। जिला एवं राज्य औसत से कम उपलब्धि वाले विभागों के अधिकारियों से जवाब-तलब किया। एडीएम ने कहा कि परिवेदनाओं के निस्तारण की मोनिटरिंग मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव स्तर से नियमित की जाती रही है। इसे पूर्ण गंभीरता से लें। शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में किसी भी प्रकार की कौताही नहीं बरती जाए। उन्होंने परिवेदनाओं के न केवल निस्तारण, अपितु शिकायत कर्ता की संतुष्टि पर भी विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में श्री राठौड़ ने शिक्षा, चिकित्सा, सार्वजनिक निर्माण विभाग, रसद, भूजल, महिला एवं बाल विकास, महिला अधिकरिता, बाल अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों की फ्लेगशिप योजनाओं तथा बजट घोषणाओं की प्रगति संबंधी समीक्षाकरते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सीडीईओ प्रतिभा गुप्ता, उप निदेशक महिला एवं बाल विकास नंदलाल मेघवाल, उपनिदेशक महिला अधिकारिता संजय जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय जनसुनवाई स्थगित
उदयपुर, 18 नवम्बर। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से चल रही त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के तहत माह के तीसरे गुरूवार 20 नवम्बर को जिला कलक्टर की अध्यक्षता में प्रस्तावित जिला स्तरीय जनसुनवाई जन अभियोग निराकरणविभाग के संयुक्त शासन सचिव के आदेशानुसार अपरिहार्य कारणों से स्थगित की गई है। यह जानकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर ने दी।
उत्तर मैट्रिक छात्रवृति योजनाः आवेदन पत्रों में आक्षेपपूर्ति का अंतिम अवसर
उदयपुर, 18 नवम्बर। उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में छात्र अथवा कॉलेज स्तर पर लंबित आवेदन पत्रों में आक्षेपपूर्ति का अंतिम अवसर दिया जा रहा है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारित विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि अतिरिक्त निदेशक श्री अशोक कुमार जांगिड़ ने विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग, विशेष पिछड़ा वर्ग के वर्ष 2022-23 (अन्य पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) ,2023-24 एवं 2024-25 के ऐसे आवेदन पत्र जो छात्र/छात्राओं /कॉलेज के स्तर पर आक्षेपित/लम्बित आवेदन पत्रों को 24 नवम्बर 2025 तक निस्तारित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। भटनागर ने बताया कि ऐसे छात्र/छात्राएं जिनके वर्ष 2022-23 (अन्य पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) , 2023-24 एवं 2024-25 के छात्र/कॉलेज के स्तर पर लम्बित आवेदन पत्र को 24 नवम्बर तक आक्षेपपूर्ति करवाकर इस कार्यालय को प्रेषित करें, कार्यालय में प्राप्त आवेदन पत्रो की जांच कर 30 नवम्बर तक भुगतान की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही ऐसे अनुसूचित जाति के छात्र/छात्राए जिनकी वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 की 60 प्रतिशत राशि उनके बैक खाते में प्राप्त नही हुई है वो अपने बैक खाते का आधार सीड़िग की कार्यवाही करावें ।
डीबीटी वाउचर योजना में आवेदन 31 दिसम्बर तक
उदयपुर, 18 नवम्बर। अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना का शैक्षणिक सत्र 2025-26 के आवेदन आमंत्रित करने हेतु ऑनलाईन पोर्टल का संचालन 17 नवम्बर से प्रारम्भ हो चुका है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2025 रहेगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजनान्तर्गत एससी, एसटी, ओबीसी, एमबीसी व ईडब्ल्यूएस के वे छात्र जो राजकीय महाविद्यालय की स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में नियमित रूप से अध्ययनरत है को योजनान्तर्गत लाभ देय होगा। योजनान्तर्गत इच्छुक छात्र द्वारा ई-मित्र/एसएसओ आईडी के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आवेदन हेतु पात्रता/शर्ते सामान्य दिशा-निर्देशों का विस्तृत विवरण विभाग की वेबसाईट एसजेई डॉट राजस्थान डॉट जीओवी डॉट इन पर उपलब्ध है।
