ओबीसी आयोग का जन संवाद 21 को
उदयपुर, 18 नवम्बर। राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग राजनैतिक प्रतिनिधित्व आयोग की ओर से 21 नवम्बर को उदयपुर में प्रस्तावित संभाग स्तरीय जन संवाद कार्यक्रम के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जितेंद्र ओझा ने बताया कि जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीरमा राम को नोडल अधिकारी तथा नगर निगम के उपायुक्त दिनेश मंडोवरा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि आयोग अध्यक्ष तथा सदस्यगण 21 नवम्बर को सुबह 11 बजे जिला परिषद सभागार में जन संवाद करेंगे। इसमें सांसद, विधायक, नगर निकाय व पंचायतीराज के प्रतिनिधि सहित आमजन एवं हितधारक भाग लेंगे।
पर्यटन विभाग की पहल
संभाग स्तरीय घूमर महोत्सव बुधवार को
गांधी ग्राउंड में होगा आयोजन, तैयारियां पूर्ण
उदयपुर, 18 नवम्बर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं पर्यटन विभाग की पहल पर राजस्थान सरकार द्वारा बुधवार को राज्य के सातों संभागीय मुख्यालयों पर भव्य घूमर महोत्सव-2025 का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश की लोक-संस्कृति और पारंपरिक कला को नई ऊर्जा देने वाले इस आयोजन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उदयपुर में घूमर महोत्सव-2025 का आयोजन गांधी ग्राउण्ड में होगा। इसके लिए मंगलवार शाम को अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया।
पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि उदयपुर संभाग में आयोजित होने वाली घूमर नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन भण्डारी दर्शक मंडप, गांधी ग्राउंड में सांय 5 बजे से होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों सहित विशिष्टजनों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में शहर सहित संभाग भर से महिलाएं सहभागिताएं निभाएंगी। मंगलवार शाम को गांधी ग्राउण्ड में अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। इसमें अलग-अलग समूहों में महिलाओं ने घूमर नृत्य का पूर्वाभ्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश लवकुश स्टेडियम के प्रवेश द्वार से होगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले समूहों को पर्यटन विभाग द्वारा पारिपोषिक भी प्रदान किए जाएंगे जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों को 21 हजार रूपये, रनरअप को 11 हजार रूपये, बेस्ट गु्रप कॉस्ट्यूम को 11 हजार रूपये समेत कुल 10 श्रेणीयों में नकद पारिपोषिक प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर दिखा राजस्थान का दमखम
ईएमआरएस की 4जी नेशनल स्पोर्ट्स मीट में मरुधरा के होनहारों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
उदयपुर, 18 नवम्बर। उड़ीसा के राउरकेला में 10 से 16 नवंबर तक आयोजित 4जी नेशनल स्पोर्ट्स मीट में राजस्थान के एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूलों (ईएमआरएस) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 पदक (6 सिल्वर व 3 ब्रॉन्ज) अपने नाम किए। देशभर के 499 एकलव्य आवासीय विद्यालयों की सहभागिता वाले इस आयोजन में प्रदेश की टीम ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया।
ईएमआरएस सोसायटी सदस्य सचिव अनिल कुमार शर्मा तथा प्रभारी अधिकारी सुधीर दवे के निर्देशन में राज्य स्तर पर चयनित 140 खिलाड़ी, 14 एस्कॉर्ट्स, 2 स्टाफ नर्स ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। प्रदेश की ईएमआरएस टीम ने तीरंदाजी, एथलेटिक्स, स्विमिंग और हाई जंप जैसे 12 विभिन्न इवेंट्स में भाग लिया इस दौरान 30 मीटर तीरंदाजी इवेंट में ईएमआरएस कुशलगढ़ के अशोकानंदन मीणा ने सिल्वर मेडल जीता, 20 मीटर तीरंदाजी इवेंट में आशीष मीणा (ईएमआरएस कुशलगढ़) ने सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं 30 मीटर वर्ग में अंकित मीणा और राजकुमार मीणा ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
एथलेटिक्स और स्विमिंग में शानदार उपलब्धियाँ
400 मीटर दौड़ में ईएमआरएस कुण लसाडिया की पूनम मीणा ने सिल्वर मेडल जीता, तैराकी (स्विमिंग) में शोभा मीणा (ईएमआरएस पाड़ोला) ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। ईएमआरएस निवाई टोंक की उषा ने 400 मीटर अंडर-19 वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इसी प्रकार 800 मीटर दौड़ में खुशी मीणा ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीता। साथ ही ऊँची कूद (हाई जंप) में भी ईएमआरएस निवाई टोंक की खिलाड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया।
