उदयपुर, 17 नवंबर : उदयपुर रेंज में पुलिस प्रशासनिक फेरबदल का बड़ा दौर जारी है। इसी क्रम में उदयपुर रेंज के आईजी गौरव श्रीवास्तव ने रविवार देर रात 78 पुलिस निरीक्षकों (एसएचओ) के व्यापक तबादले कर दिए। यह आदेश क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा थानों में नए नेतृत्व को अवसर देने के उद्देश्य से जारी किए गए हैं।
जारी सूची में 70 ऐसे एसएचओ शामिल हैं जो लंबे समय से पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे थे, जबकि 8 निरीक्षक वर्तमान में अलग-अलग थानों पर तैनात थे। कुल 35 सीआई उदयपुर रेंज के एपीओ में चल रहे थे, जिनमें से 19 अधिकारियों को अब उदयपुर जिले में पदस्थापित किया गया है। वहीं, एक सीआई को उदयपुर से रेंज के बाहर भेज दिया गया है। इन अधिकारियों को शीघ्र ही संबंधित थानों का आवंटन भी कर दिया जाएगा।
महत्वपूर्ण बात यह है कि यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब दो दिन पहले ही गृह विभाग ने 142 एएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले किए थे। उन तबादलों में दो अधिकारियों को बाहर से उदयपुर लाया गया था जबकि तीन अधिकारियों को अन्य जिलों में भेजा गया था।
उदयपुर जिला आवंटित किए गए निरीक्षक
करनाराम, सुरेश विश्नोई, गजवीर सिंह, राजेश कुमार, महेश जोशी, राजू देवी राज, मुकेश चंद, चन्द्रपाल सिंह, हेमंत कुमार अहारी, सुरेन्द्र सिंह शक्तावत, रेखा शर्मा, निर्मल कुमार, काना राम, तेज सिंह, भंवरलाल, हनुमाना राम, सुखदेव सिंह, नरपत सिंह और अनिता वर्मा को उदयपुर जिले में पदस्थापन दिया गया है।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि नई टीम के साथ कई थानों में कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और जमीनी स्तर पर कार्रवाई की रफ्तार बढ़ेगी।
